भारत बंद के बाद भी नगर के स्टेशन-चौक रोड में खुली दुकाने।
- फोटो : BALLIA
बलिया। सीएए के विरोध में भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर की ओर से रविवार को भारत बंद का आह्वान जिले में बेअसर रहा। न तो किसी ने प्रदर्शन किया और न ही दुकानें बंद कराईं। अवकाश का दिन होने के कारण पहले की अधिकतर दुकानें बंद तो कुछ खुली रहीं। शाम को सभी दुकानें खुल रहीं।
भीम आर्मी की ओर से सीएए के विरोध में 23 फरवरी को भारत बंद की घोषणा की गई थी। इसको देखते हुए पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी सुबह से नगर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी काफी सतर्क रहे। एलआईयू के कर्मी भी लगातार नजर रखे रहे और कलेक्ट्रेट या शहर में किसी स्थान पर होने वाले प्रदर्शन व बंदी आदि की सूचनाएं जुटाने में जुटे रहे। लेकिन जिले में इस बंदी का कोई असर नहीं दिखा। ग्रामीण इलाकों से लेकर नगरीय इलाकों में अवकाश का दिन होने के कारण पहले की तरह दुकानें बंद रही तो कई दुकानें खुली रहीं। जिले के सभी मार्गों पर वाहनों का आवागमन भी पूरे दिन जारी रहो। शाम होते ही अधिकांश दुकानें खुल गईं। इतना नहीं जिले के किसी भी हिस्से में किसी तरह का विरोध प्रदर्शन आदि भी नहीं हुआ।