बांसडीहरोड। कोरोना काल में एक ओर लोग जहां महामारी से जूझ रहे हैं। वहीं, क्षेत्र में मुनाफाखोर और कालाबाजारी करने वालों ने आपदा को अवसर में बदल दिया है। जिसके कारण एक पखवारे में तेल, चीनी, दाल, फल और अन्य खाद्य वस्तुओं के दाम आसमान छूने लगे हैं। फुटकर दुकानदार माल की कम आवक और ऊपर से ही रेट बढ़ने का हवाला देकर मनमानी कीमत वसूल रहे हैं। जबकि सरकार ने जरूरी चीजों की आवक पर कोई रोक नहीं लगाई है। जिला प्रशासन भी जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रहा है। जिसके चलते गरीब व मध्यम वर्गीय परिवार के लोग जैसे-तैसे गुजर-बसर कर रहे हैं। कोरोना काल में गांवों में हो रही जमाखोरी और बढ़ती महंगाई के कारण घर का बजट संभालने में आधी आबादी के पसीने छूटने लगे हैं। हर जरूरी चीज रोज महंगी हो रही है। महिलाओं का कहना है कि घर का खर्च चलाने के लिए अब कटौती करनी पड़ रही है। ऐसे समय में जब लोगों का रोजगार सिमट रहा है, तब महंगाई ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
सामग्री एक माह पहले आज
सरसों का तेल 120 180
रिफाइंड 110 150
चीनी 36 50
अरहर दाल 90 140
सेब 120 200
अंगूर 60 120
संतरा 80 200
पपीता 30 60
नोट : सभी दाम प्रति किलो में हैं
रसोईं गैस के दाम पहले ही बढ़ चुके हैं। अब दाल और तेल के दाम ने बजट बिगाड़ दिया है। कोरोना काल में काम-धंधे वैसे ही कम चल रहे हैं।
गुड्डी देवी, गृहणी
जमाखोरी के कारण महंगाई बढ़ी है। घर के खर्चे लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में रसोईं के सामान भी महंगे होते जा रहे हैं। सरसों के तेल व फल के दाम सबसे अधिक बढे़ है। दाल, चीनी, चाय और फल का भी यही हाल है।
निशा देवी, गृहणी
एक तो कोरोना काल में सभी काम धंधे ठप है। ऊपर से बढ़ती महंगाई ने जीना मुहाल कर दिया है। सरकार को चाहिए कि कालाबाजारी व जमाखोरों पर कार्रवाई करें।
पचरतनी देवी, गृहणी
दुकानदार से पूछने पर कि क्यों सामानों की बढ़ा चढ़ाकर बिक्री कर रहे हो तो उनका कहना है कि ऊपर से ही महंगा आ रहा है। ऐसे में उच्च अधिकारियों का ध्यान इस ओर होना जरूरी है।
जानकी देवी, गृहणी
कोरोना काल में सरकार को जमाखोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। कोरोना कर्फ्यू में छूट के बावजूद आवश्यक वस्तुओं की जमाखोरी कर इनके द्वारा महंगाई बढ़ाई जा रही है।
मनी श्रीवास्तव, गृहणी
कोराना कर्फ्यू के कारण आय में कमी आई है और महंगाई में निरंतर इजाफा हो रहा है। जीवन यापन करना मुश्किल हो गया है। घरेलू सामानों के दामों में बेतहाशा वृद्धि कोरोना से ज्यादा घातक है।
आंचल गुप्ता, गृहणी
एक तो कोरोना काल में सभी काम धंधे ठप है। ऐसे में घरेलू सामग्री और फल, किराना आदि से जुड़े सामान काफी महंगे हो गए हैं। सरकार को कालाबाजारी करने वालों व जमाखोरों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।
संजू देवी, गृहणी
कोरोना से निपटने के साथ-साथ सरकार को सुरसा के मुंह की तरह बढ़ रही महंगाई और कालाबाजारी से निपटने का रोड मैप भी लोगों के सामने लाना चाहिए। ताकि गरीब व मध्यम परिवारों को आसानी से दो जून की रोटी नसीब हो सके।
दुर्गा देवी, गृहणी