लाइव-बंद पड़ा अधिशासी अभियंता निर्माण खण्ड व प्रकल्प खण्ड।
- फोटो : BALLIA
बलिया। शासन के निर्देश के बाद भी अधिकारी अपने कार्यालयों में समय से नहीं पहुंचते हैं और न ही निर्धारित समय में लोगों की फरियाद सुनते हैं। इसकी वजह से गांवों से आए फरियादियों को परेशान होकर लौटना पड़ता है। मंगलवार की सुबह : 9.25 बजे तक जल निगम निर्माण खंड व प्रकल्प खंड के अधिशासी अभियंता कार्यालय पर ताला लटका था।
विकास भवन में स्थित मुख्य पशु चिकित्साधिकारी कार्यालय व कक्ष में सुबह के 9.32 बजे तक ताला लटका रहा। सुबह 9.36 बजे तक जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी के कक्ष व कार्यालय में ताला लटका रहा। सुबह 9.40 बजे तक लघु सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता का कार्यालय बंद रहा। सुबह 9.42 बजे जिला समाज कल्याण अधिकारी का कक्ष तो खुला रहा लेकिन अधिकारी की कुर्सी खाली पड़ी थी। उधर, ठंड के कारण अब फरियादी भी सुबह नहीं पहुंच रहे हैं। सुबह 9.30 बजे खेजुरी गांव निवासी रामनारायण राजभर व प्रमोद राम विकास भवन परिसर में बैठे हुए थे। बताया कि वह नि:शुल्क बोरिंग की जानकारी के लिए यहां आए हैं। बताया गया है कि इसकी जानकारी लघु सिंचाई विभाग के कार्यालय में ही मिलेगी लेकिन अभी तक कोई कार्यालय ही नहीं खुला है तो बैठकर साहब के आने का इंतजार कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि अधिकांश कार्यालयों के चपरासी नौ बजे के बाद कार्यालय खोल देते हैं लेकिन अधिकारी दस या 11 बजे के बाद पहुंचते हैं।
कोट
सुबह 9.30 बजे तक अधिकारियों को अपने कक्ष में बैठने का प्रावधान सरकार ने किया है। इसको लेकर कुछ दिनों पहले औचक निरीक्षण भी किया गया और कार्रवाई की गई। सभी विभागों को समय से दफ्तर में उपस्थित होकर जनसुनवाई करने का निर्देश दिया गया है। जल्द ही औचक निरीक्षण कर कार्रवाई की जाएगी।-बीएन सिंह, सीडीओ।