श्रम विभाग कार्यालय परिसर में प्रदर्शन करते भवन निर्माण मजदूर सभा के पदाधिकारी और सदस्य। आयोजक
बलिया। भवन निर्माण मजदूरों की समस्याओं और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश भवन निर्माण मजदूर सभा का श्रम विभाग कार्यालय पर धरना बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रहा।
जिलाध्यक्ष नथुनी वर्मा ने कहा कि मजदूरों को पंजीकरण और नवीनीकरण में परेशानी हो रही है। कई आवेदन लंबित हैं और पात्र मजदूर योजनाओं से वंचित हैं। उन्होंने लंबित मामलों का निस्तारण कराने की मांग की।
संगठन के पदाधिकारियों ने बंद योजनाएं बहाल करने, लंबित भुगतान कराने, निरस्त पंजीकरण बहाल करने और प्रक्रिया सरल करने की मांग उठाई।
साथ ही योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर दलाली और धन उगाही पर रोक लगाने की मांग की। खेत मजदूर यूनियन के जिला मंत्री शिवनाथ गोंड समेत अन्य संगठनों ने धरने का समर्थन किया। चेतावनी दी गई कि छह से आठ अक्तूबर के धरने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन व्यापक किया जाएगा। श्रम विभाग में तालाबंदी की जाएगी। संवाद