रसड़ा (बलिया)। रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के मुस्तफाबाद गांव में मानती देवी (65) और उनकी बेटी गौरी (24) की हत्या के मामले का पुलिस ने दो दिन में खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, रामचीज गुप्ता (70) ने सामाजिक प्रतिष्ठा बचाने के लिए अपने दो साथियों चंदन यादव (32) और दिनेश गुप्ता (35) के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।
पत्नी के सिर पर दो और बेटी के सिर पर चार से पांच बार दाव से वार किए गए थे। हत्या के बाद बेटी के शव को 30 मीटर दूर खेत में फेंक दिया था। पुलिस के अनुसार, रामचीज ने गांव के ही चंदन और दिनेश को वारदात करने पर शराब पिलाने का लालच दिया था। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त लोहे का दाव और खून से सने कपड़े बरामद किए हैं।
एएसपी उत्तरी दिनेश शुक्ल ने बताया कि विवेचना में सामने आया कि मानती देवी की मानसिक स्थिति लंबे समय से ठीक नहीं थी। वह कभी-कभी घर से निकल जाती थीं और कई दिनों बाद लौटती थीं। बेटी गौरी दृष्टिबाधित थी और मां के घर से चले जाने के बाद दूसरों के घरों से मांगकर खाना खाती थी।
पुलिस का दावा है कि इन्हीं परिस्थितियों को लेकर रामचीज मानसिक रूप से परेशान था और उसने घटना से पहले गांव की चट्टी पर पत्नी और बेटी को मारने अथवा खुद मर जाने की बात भी कही थी।
एएसपी के अनुसार, एक हफ्ते पहले रामचीज ने गांव के चंदन यादव और दिनेश गुप्ता को हत्या की योजना में शामिल करने का प्रयास किया लेकिन दोनों तैयार नहीं हुए। लेकिन शराब पिलाने का प्रलोभन मिलने पर दोनों वारदात के लिए तैयार हो गए। इसके बाद 16 सितंबर की रात तीनों ने मिलकर मानती देवी और गौरी की हत्या कर दी।
रामचीज ने ही पहले मानती के सिर पर दाव से वार किया। मानती की हत्या के बाद बेटी के सिर पर भी चार से पांच बार वार किए। इससे उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके बाद ग्रामीणों और पुलिस को बरगलाने के लिए तीनाें ने गौरी की लाश 30 मीटर दूर धान के खेत में ले जाकर फेंक दी।
एएसपी उत्तरी दिनेश शुक्ल ने बताया कि ग्रामीणों की घटना की जानकारी दूसरे दिन सुबह तब हुई जब दोनों के अंतिम संस्कार की तैयारी रामचीज कर रहा था। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे और दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही जांच शुरू की।
पुलिस की जांच में सामने आया था कि हत्या के बाद मौके पर खून के निशान साफ करने की कोशिश की गई थी। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए थे। पुलिस के मुताबिक इसके बाद घटना को बाहरी लोगों द्वारा किए जाने की कोशिश की गई।घटना के बाद शुरुआती जांच में पुलिस ने कई पहलुओं पर काम किया था।