बलिया। पति विदेश में नौकरी कर ससुर को 13.50 लाख रुपये दिए। अब ससुर, जेठ व जेठानी मिलकर घर से निकाल रहे हैं। बंटवारे के बाद भी हम लोगों को हक नहीं दे रहे हैं।
लोकनिर्माण विभाग के डाक बंगले में बृहस्पतिवार को राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता श्रीवास्तव की जनसुनवाई में फेफना थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने शिकायत की। पीड़िता की शिकायत पर आयोग की सदस्य ने ससुर के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
पीड़िता ने बताया कि पति विदेश में नौकरी करते हैं। घरेलू विवाद के चलते पिछले वर्ष जून माह से आए हुए हैं। विवाद का समाधान नहीं होने से नौकरी पर नहीं गए। आरोप लगाया कि विदेश में नौकरी करते हुए पति शादी से पहले ससुर के खाते में 13.50 लाख रुपये दिए थे। साथ ही अपनी बहन की शादी में एक लाख रुपये नगद दिए। ससुर, जेठ व जेठानी की बातों में आकर शादी में उससे अधिक खर्च दिखाते हुए 2.76 लाख रुपये और मांग रहे हैं।
पति सही हिसाब के साथ ही बकाया देने को तैयार भी है। इसके बाद भी वह हिसाब नहीं दे रहे है। बताया कि ससुर घर की पिकअप व जीप को बेचकर पैसा अपने पास रख लिए है। मृत सास का गहना आदि भी जेठानी को दे दिया है। बंटवारा का सुलह-समझौता पर हस्ताक्षर बनाने के बाद भी मान नहीं रहे हैं। दो बच्चों का किसी तरह से पालन कर रही हूं। इस पर आयोग की सदस्य ने ससुर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का निर्देश दिया।
उन्होंने जनसुनवाई के दौरान सभी अधिकारियों से कहा कि सरकार की मंशानुरूप महिला उत्पीड़न की रोकथाम तथा पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाएं। महिला उत्पीड़न की घटना या प्रकरण संज्ञान में आने पर तत्काल जांच कराकर नियमानुसार विधिक कार्रवाई करें। किसी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनसुनवाई में अधिकतर मामले दहेज, भूमि विवाद तथा घरेलू हिंसा आदि से संबंधित थे।