बलिया के बैरिया विकास खंड के ग्राम पंचायत भीखाछपरा में दो मतदेय स्थलों को बदल दिए जाने के खिलाफ भीखाछपरा के सैकड़ो ग्रामीण आधा दर्जन प्रधान पद के प्रत्याशियों के साथ मतदान का बहिष्कार कर धरने पर बैठ गए। लगभग 12 बजे तक बार-बार के सूचना के बाद भी कोई सक्षम अधिकारी धरनारत लोगों से बातचीत करने नही पहुंचा तब निवर्तमान प्रधान प्रतिनिधि रविन्द्र सिंह बनिया ने समझाबुझा कर धरना समाप्त करवाया। दो बूथों पर दोपहर साढ़े बारह बजे मतदान शुरू हो सका।
ज्ञात हो कि ग्राम पंचायत भीखाछपरा में चार मतदेय स्थल 195,196,197 व 198 कई वर्षों से मतदान केंद्र प्राथमिक विद्यालय भीखाछपरा पूर्वी पर रहता था। इस बार बूथ संख्या 196 व 197 को प्राथमिक विद्यालय भीखाछपरा पश्चिमी पर कर दिया गया, लेकिन रविवार की शाम पोलिंग पार्टी पश्चिमी के जगह पूर्वी प्राथमिक विद्यालय पर पहुंच गई। देर रात पुलिस वाले भी भीखाछपरा पूर्वी पर आ गए, सुबह चारों बूथों पर मतदान की तैयारी पूरी कर ली गई, किन्तु बूथ संख्या 197 व 198 के मतदाता मतदान का बहिष्कार करके वही धरने पर बैठ गए। उनके समर्थन में आधादर्जन प्रधान पद के प्रत्याशी भी धरने पर बैठ गए। मौके से पीठासीन अधिकारी और कई जिम्मेदार लोगों ने इसकी सूचना निर्वाचन आयोग व सक्षम अधिकारियों को दिया, किन्तु दोपहर 12 बजे तक कोई भी अधिकारी धरनारत लोगो से बात करने मौके पर नही पहुंचे। इस बाबत उपजिलाधिकारी प्रशांत नायक ने बताया कि मेरे पास सूचना आई थी मैं क्षेत्र में था मौके पर पहुंचने से पहले ही उनका धरना समाप्त हो गया, मतदान भी शुरू हो गया।