बेरूआरबारी ब्लाक के शिवरम्पटी गांव स्थित बिजलीपुर में सीताराम के घर के समीप रविवार की सुबह देर रात से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण एक विशाल पेड़ धराशाई हो गया। संयोग अच्छा रहा कि कोई हताहत नहीं हुआ। पेड़ गिरने से बिजली बाधित हो गई है।
बताया जा रहा है कि सीताराम, ताराचंद, गुलाब चंद्र, विजय कुमार, शिव कुमार आदि लोग पेड़ के समीप ही ब्रश कर रहे थे, तभी अचानक पेड़ गिर गया। पेड़ गिरने से लोगों के बीच अफरा तफरी मच गई। लोगों ने दूर भागकर अपनी अपनी जान बचाई। इस हादसे में एक घर का छज्जा क्षतिग्रस्त हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि पेड़ गिरने के कारण बिजली के छह पोल व दो ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इसके कारण शिवरम्पटी, गंगभेव, मझुई, मिश्रवलिया, पिंडहरा गांव में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई है।