बैरिया। स्थानीय थाना क्षेत्र कोटवा मोड़ क्षेत्र में शुक्रवार सुबह बाइक पर एचटी लाइन का तार गिरने से राज मिस्त्री उसकी चपेट में आ गया। करंट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्पोजे में लेकर स्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों में कोहराम मचा है।
रेवती थाना क्षेत्र के दुर्जनपुर गांव का मूल निवासी रुदल चौरसिया (45) मधुबनी के पासवान चौक के पास टीन शेड का मकान बनाकर सपरिवार रहते हैं। वह पेशे से राजमिस्त्री हैं। शुक्रवार को सुबह लगभग नौ बजे मोटरसाइकिल से रानीगंज बाजार स्थित एक निजी स्कूल में भवन निर्माण का कार्य करने जा रहे थे। रानीगंज बाजार के योगी नगर मार्ग पर रुदल मिस्त्री के मोटरसाइकिल पर हाईटेंशन का तार टूट कर गिर गया। इसकी चपेट में आकर रुदल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बलिया भेज दिया है। मृतक रूदल चौरसिया के दो पुत्र व दो पुत्रियां बदहवास स्थिति में हैं। गौरतलब है कि रानीगंज बाजार में हाईटेंशन के तार अत्यंत ही जर्जर हो गए हैं। रोज टूटकर गिरते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि हाईटेंशन का तार बदलने के लिए कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों से आग्रह किया गया, तार नहीं बदला गया। बिजली दुर्घटना में आए दिन लोगों की मौतें हो रही हैं। बावजूद इसके बिजली विभाग इन दुर्घटनाओं के प्रति गंभीर नहीं है।
मृतक के परिजनों को पांच लाख रुपये का आर्थिक सहायता दी जाएगी। बाजार में अगर जर्जर तार हैं तो उसे तत्काल बदला जाएगा।
आरके जैन, अधीक्षण अभियंता