Holi 2024 : बलिया में होली की तिथि को लेकर घमासान जारी है। यहां शांति समिति की बैठक कर सिटी मजिस्ट्रेट ने 25 मार्च को होली मनाने की घोषणा की तो विद्वत जन पंचांग और पत्रा का हवाला देते हुए 26 मार्च को होली का पर्व तिथि घोषित करने की मांग करने लगे।
रंगों के त्योहार होली की तिथि को लेकर घमासान जारी है। एक तरफ बलिया जिला प्रशासन 25 मार्च को होली का त्योहार मनाने की तैयारियों में जुटा है। वहीं, विद्वत जन पंचांग और पत्रा का हवाला देते हुए 26 मार्च को होली का त्योहार मनाने की बात कह रहे हैं।
विज्ञापन
शुक्रवार को शांति समिति की बैठक कर सिटी मजिस्ट्रेट ने 25 मार्च को होली मनाने की घोषणा की थी। शनिवार को विद्वत जन इसे लेकर मैदान में उतर आए। जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर पंचांग और पत्रा का हवाला देते हुए 26 मार्च को होली की तिथि घोषित करने की मांग की। इसे लेकर जिले में उहापोह की स्थिति बनी हुई है।
विज्ञापन
स्वामी आनंद महाराज के नेतृत्व में शनिवार को कलक्ट्रेट पहुंचे विद्वत जनों ने कहा कि प्रशासन भले ही कोई व्यवस्था करे, लेकिन त्योहारों का आयोजन धर्म आधारित पत्रा व पंचांग के आधार पर होता है।
कभी भी पूर्णिमा की तिथि में होली का त्योहार नहीं मनाया जाता। प्रमुख तौर पर होली प्रतिपदा उद्यापन को मनाई जाती है। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की धर्म के अनुसार होली की तिथि घोषित की जाए।