फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लॉकडाउन होते ही शुरु हुई जमाखोरी व मुनाफाखोरी

विज्ञापन
रानीगंज मंडी में सब्जी विक्रेताओं को उचित मूल्य पर सब्जी बेचने का निर्देश देते बैरिया एसडीएम। - फोटो : BALLIA
विज्ञापन
लॉक डाउन होते ही शुरू हुई जमाखोरी व मुनाफाखोरी
विज्ञापन

कोरोना को लेकर प्रधानमंत्री के 21 दिनों के लॉक डाउन की घोषणा के बाद बुधवार को क्षेत्र में बिल्कुल सन्नाटा छाया रहा। सड़कों पर वाहन नहीं चले। बैरिया बाजार में तो किराना, फल व सब्जी के दुकानों को भी पुलिस ने नहीं खोलने दिया।
लॉक डाउन के बाद बुधवार को पहले दिन कस्बा के बाजार में 200 रुपये किलो तक हरी मिर्च बिकी। जबकि एक दिन पहले तक इसका भाव 60 रुपये किलो था। इसी तरह अन्य सभी खाने-पीने की वस्तुओं व सब्जियों के भाव में भारी उछाल से जनता परेशान दिखी। लॉक डाउन की आड़ में जमाखोरी व मुनाफाखोरी शुरू हो चुकी है। उधर, रानीगंज बाजार में फल व सब्जियों की दुकानें खुली हुई थी, जिससे वहां के लोगों ने राहत महसूस की। एसडीएम अशोक चौधरी ने हरी सब्जी विक्रेताओं को चेतावनी दिया कि अधिक मूल्य लेने की शिकायत मिली तो जेल भेज दिया जाएगा।
विज्ञापन

बिना कारण सड़क पर निकले लोगों को पुलिस ने की पिटाई
बैरिया। बिना पर्याप्त कारण के सड़क पर जो भी मिला, पुलिस ने उनकी पिटाई की। कहीं-कहीं तो पुलिस को देखकर लोग भागते नजर आए। हालांकि एसडीएम ने लोगों से घर के बाहर आने का कारण पूछा, जिसने अस्पताल की पर्ची दिखाई या दवाइयां दिखाई, गैस सिलिंडर दिखाया उन्हें एसडीएम ने जाने दिया। लेकिन जो लोग कोई ठोस कारण नहीं बता सके उनको समझाते हुए जनहित व देशहित में घर के भीतर रहने को कहा गया।
एसडीएम ने भ्रमण कर लिया बाजारों का जायजा
बैरिया। उपजिलाधिकारी अशोक चौधरी ने बताया कि कोरोना को लेकर लॉक डाउन से लोगों को असुविधा होना लाजिमी है लेकिन देशहित में प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में लोगों को घर में रहने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि गुरुवार से क्षेत्र के रानीगंज, बैरिया, सुरेमनपुर, टोला शिवनराय, लालगंज, दोकटी के हर मुहल्ले में कम से कम एक फल की दुकान, एक सब्जी की दुकान व एक किराना की दुकान खोलवाई जाएगी। उन्होंने निजी चिकित्सकों व दवा दुकानदारों से आग्रह किया कि अपने यहां भीड़ न एकत्र होने दें। एक-एक लोगों को निपटा कर उन्हें अलग-अलग जाने को कहें, इससे छूआछूत रुकेगा और कोरोना पर रोकथाम का वातावरण बनेगा।
सामानों की खरीदारी में होड़, ट्रक को रोकवा कर बंटवाया सिलिंडर
रेवती। देश में लॉक डाउन की घोषणा के बाद लोगों में खाद्य सामग्रियों सहित दैनिक उपयोग की चीजों को इकट्ठा करने की होड़ लग गई है। किराना की दुकानों पर मंगलवार की देर रात तक जहां भीड़ लगी रही वहीं सब्जी खरीदने को भी भीड़ उमड़ी रही। उधर, बुधवार को गौतम इंडेन सेवा केन्द्र के गोदाम में सिलिंडर लेकर जा रहे ट्रक को सैकड़ों लोगो ने गोदाम में जाने से पहले ही रेवती - पचरुखिया मार्ग पर रोक लिया और मौके पर ही कर्मचारी को वितरण करने के लिए मजबूर किया। एजेंसी के कर्मचारी पप्पू सिंह ने बताया कि सिलिंडर से लदे ट्रक के आने की सूचना पहले से किसी प्रकार लोगों को मिल गई और लोगों ने ट्रक को घेर लिया। ट्रक पर 450 सिलिंडर थे। एजेंसी संचालक राजेश गौतम ने भी लोगों को फोन पर समझाने की हर संभव कोशिश की। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई फिर भी लोग मानने को तैयार नहीं हुए। अंत में उसी स्थान पर सिलिंडर वितरित करना पड़ा। इस संबंध में एसएचओ का कहना था कि शांतिपूर्ण तरीके से सिलिंडर वितरित हुआ।
दवा छोड़ सभी दुकानों को पुलिस ने कराया बंद
लालगंज। क्षेत्र के बाजारों में केवल दवा की दुकानों को छोड़कर सभी दुकानों को प्रशासन ने बंद करा दिया। लालगंज बाजार, लालगंज चट्टी, भुआल छपरा चट्टी सहित क्षेत्र के सभी बाजार व चट्टी बन्द रहा। बुधवार की भोर से ही माइक के द्वारा पुलिस द्वारा मुनादी कराई गई जिसके चलते बाजार पूरी तरह से बंद रहा। सरकार के निर्देशों के अनुसार फल व किराना के दुकानदार दुकान खोलने के लिए आए लेकिन पुलिस ने नहीं खोलने का निर्देश दिया। दुकानदारों को समझा रहे चौकी प्रभारी लालगंज सुनील सिंह ने बताया कि बुधवार के लिए यह आदेश है कि केवल दवा की दुकानों को छोड़कर सभी दुकानें बंद रखी जाएं। इसी कारण सब्जी व किराना आदि सभी की दुकानें बंद कराई गई।
मनमाने कीमतों पर बेचा गया सामान
जयप्रकाश नगर। 21 दिनों के लॉक डाउन को लेकर क्षेत्र में एक तरफ जहां चारो तरफ सन्नाटा पसरा है वहीं, दूसरी ओर कुछ लोग घरों में घरेलू सामानों को एकत्रित करने में लगे हुए हैं। इसका लाभ दुकानदार खूब उठा रहे हैं। मंगलवार को मुख्यमंत्री की ओर से तीन दिनों के लिए लॉक डाउन करने की बात कही गई कुछ ही देर बाद जो आटा दुकानों पर सुबह 24 रुपये किलो बिक रहा था वही आटा शाम को 28 रुपये किलो बिकने लगा और बुधवार को यह आटा 40 रुपये बिकने लगा। इसके अलावा चीनी के भाव में भी 200 रुपये कुंतल की बढ़ोत्तरी हो गई। इसी तरह हरी मिर्च व अन्य सब्जियों के भाव भी काफी तेज हो गया। इस बाबत क्षेत्राधिकारी बैरिया अशोक कुमार सिंह ने बताया कि जो भी दुकानदार किसी भी वस्तु की जमाखोरी या मुनफाखोरी करेंगे शिकायत मिलते ही संबंधित दुकानदार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिसकर्मियों ने भी दुकानदार के घरों से खरीदे फल
नरही। थाना पुलिस की सख्ती से नरही बाजार की सभी दुकानें बंद रहीं लेकिन कुछ पुलिस कर्मी ही पीछे के दरवाजे से फल खरीदते देखे गए। बताया जाता है कि बुधवार से वासंतिक नवरात्र प्रारंभ है ऐसे में कई पुलिस कर्मी नवरात्र का व्रत किए हैं। लेकिन फलों की दुकान बंद होने के कारण कुछ पुलिस कर्मी फल वाले के घर से फल लेते दिखे।
मजदूरों की बढ़ी चिंता, हो रही मुनाफाखोरी
रामगढ़। लॉक डाउन के चलते क्षेत्र के लोगों में जहां इस महामारी के फैलने का भय सताने लगा है वहीं प्रतिदिन की मजदूरी कर अपना जीविकोपार्जन करने वाले मजदूरों को गुजर बसर की चिंता सताने लगी है। हल्दी एसएचओ सतेंद्र राय हमराहियों के साथ भ्रमण कर लाउडस्पीकर के जरिए घर से नहीं निकलने की घोषणा करते रहे। उधर, आवश्यक सामानों की दुकानें बाजारों में खुली रहीं और लोग आवश्यक सामानों की खरीदारी करते रहे। अधिकांश लोगों की ओर से अधिक मात्रा में की जा रही खरीदारी का लाभ व्यापारियों द्वारा उठाया जाने लगा और निर्धारित दरों से अधिक दाम पर बेचने लगे। बाजारों में हरा मिर्च 200 रुपए, आटा 28 रुपये, चीनी 60 रुपये किलो तक बेचा गया।
पुलिस ने हटाई भीड़
रसड़ा। नगर सहित ग्रामीण अंचलों में पुलिस ने जबरदस्ती दुकान बंद कराई। कृषि मंडी में सब्जी खरीदने उमड़ी भीड़ को पुलिस ने हटाया। नवरात्र के पहले दिन देवी मंदिर परिसर में सन्नाटा पसरा रहा। बैंक खुले लेकिन भीड़ नदारद रही। रोजमर्रा की चीजों के दाम भी आसमान छूने लगे।
विज्ञापन

प्रधान ने बांटे साबुन व गमछा, स्वास्थ्य विभाग को दिए पांच लाख
रसड़ा। क्षेत्र के टीकादेवरी गांव में प्रधान राकेश सिंह उर्फ पिंटू ने गांव में भ्रमण कर गमछा एवं साबुन वितरित कर कोरोना महामारी से बचाव के लिये लोगो को जागरूक किया। उन्होंने सरकार द्वारा दिए गए निर्देशों को पालन करने की अपील की। उन्होंने ग्राम निधि के खाते से पांच लाख रुपये स्वास्थ्य विभाग को देने के लिए पत्र लिखा। इस मौके पर संदीप सिंह, उमेश यादव, अमित सिंह पप्पू, मयंक सिंह, अमित यादव, कुं दन सिंह आदि रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें