बैरिया/ बेरूआरबारी। महाराष्ट्र सरकार के विरुद्घ लोगों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को बैरिया में हिंदू युवा वाहिनी के सदस्यों ने जिला प्रभारी पंकज सिंह के निर्देश पर रानीगंज चौक पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे का पुतला दहन कर अभिनेत्री कंगना रणौत का समर्थन किया। हिन्दू युवा वाहिनी ब्लॉक के अध्यक्ष राकेश सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने महाराष्ट्र सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए जुलूस निकाला और विरोध जताया। महामंत्री पंकज सिंह ने कहा कि उद्धव ठाकरे द्वारा बीएमसी का गलत प्रयोग करते हुए कंगना रणौत का कार्यालय तोड़वाया गया और उनके मंत्री संजय राउत द्वारा कंगना को मुंबई में नहीं घुसने देने की धमकी देना एक कायरतापूर्ण कार्य है। दिग्विजय सिंह, राहुल सिंह, रोहित सिंह, प्रेम गुप्ता, नवीन केसरवानी, नीरज सिंह, भीम शाह आदि रहे। संचालन मिथिलेश केसरी ने किया।
उधर, बेरुआरबरी ब्लॉक तिराहे पर हिंदू युवा वाहिनी के मंडल अध्यक्ष आलोक पासवान के नेतृत्व में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे व संजय राउत का पुतला दहन किया गया। पासवान ने कहा कि एक जमाने में बाला साहेब ठाकरे ने अपनी पार्टी शिव सेना का गठन सत्य, अहिंसा और हिंदुत्व की रक्षा व मजलूमों की मदद के लिए बनाया था। लेकिन आज उन्हीं का पुत्र सत्ता की लालच में देश विरोधी मानसिकता और सत्ता के लोभी लोगों की गोद में जाकर बैठ गया है। अशोक सिंह, राजेश दुबे, प्रकाश पांडेय, अभिनन्दन सिंह, अतुल पांडेय, स्वप्निल पाठक, पंकज सिंह, सिंटू गुप्ता आदि रहे।