नागाजी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय माल्देपुर वीर सावरकर शाखा के वार्षिकोत्सव पर आयोजित कार्यक्रम
- फोटो : BALLIA
बलिया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ बलिया के वीर सावरकर शाखा पर रविवार को शाखा का वार्षिकोत्सव बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिसमें विद्यार्थी स्वयंसेवक उत्साह के साथ शामिल हुए। शाखा पर ध्वजारोहण के पश्चात शारीरिक कार्यक्रम यथा-खेल, व्यायाम योग, आसन, पदविन्यास आदि का प्रदर्शन हुआ। गीत, सुभाषित के बाद बलिया विभाग के विभाग प्रचारक श्रीप्रकाश ने मार्गदर्शन दिया।
बलिया के विभाग प्रचारक श्रीप्रकाश ने बताया कि आज से 94 वर्ष पूर्व 1925 में डॉ केशवराव बलिराम हेडगेवार ने राष्ट्र को दासता से मुक्त करने, जाति भेद को दूर करने व देशभक्त व्यक्ति निर्माण करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की थी। चिकित्सक बनने के बाद उन्होंने राष्ट्र सेवा को अंग्रेजों से भारत को मुक्त करने हेतु वर्मा में मिल रहे नौकरी के प्रस्ताव को ठुकरा दिया तथा क्रांतिकारी गतिविधियों में शामिल होकर क्रांतिकारियों के अनुशीलन समिति का सदस्य बन क्रांतिकारियों का सहयोग किया। कहा कि संघ अपनी शाखाओं पर दो प्रकार के कार्यक्रमों का संचालन करता है, एक शारीरिक कार्यक्रम जिसमें विभिन्न प्रकार के खेल, योग आदि के द्वारा स्वयंसेवकों का शारीरिक स्वास्थ्य पर ध्यान दिया जाता है तथा दूसरा बौद्धिक कार्यक्रम जिसमें स्वयंसेवकों का गीत, सुभाषित, कथा कहानी व महापुरुषों के संस्मरण सुनाकर उनके मानसिक स्वास्थ्य का विकास किया जाता है। वीर सावरकर सायं शाखा विद्यार्थियों की शाखा है जो व्यक्ति निर्माण में अभूतपूर्व भूमिका निभाती है। कार्यक्रम का संचालन उमापति ने, खेल आदि का संचालन आशुतोष आनन्द व अतिथियों का परिचय शाखा कार्यवाह श्री दयाशंकर ने दिया। इस मौके पर प्रधानाचार्य अरविंद, प्रदीप कुमार आदि रहे। अध्यक्षता सह जिला कार्यवाह अरुण मणि ने किया।