चिलकहर। कल तक जिस गो आश्रय स्थल में गोवंश मवेशियों को मुक्कमल चारा नसीब नहीं हो रहा था, न उनके लिए पेयजल और रहने का उचित बंदोबस्त था, वहां आज रखे गए मवेशी चारा खाते दिखे। इतना ही नहीं हालात का जायजा लेने स्वयं उपजिलाधिकारी रसड़ा मोती लाल यादव और सीवीओ डॉ. अशोक मिश्र पहुंचे और खामियों को गंभीरता से लेते हुए चिलकहर के बीडीओ अशोक कुमार और पशु चिकित्साधिकारी रमेश कुमार यादव को कारण बताओ नोटिस जारी कर कर दिया। इसके अलावा ग्राम विकास अधिकारी रमेश कुमार को गोशाला में रखे गए पशुओं के लिए चारा-पानी की पर्याप्त व्यवस्था रखने की हिदायत दी। बता दें कि बुधवार को अमर उजाला ने गोशाला की लाइव रिपोटिंग की थी, जिसमें वहां व्याप्त दुर्व्यवस्थाओं का जिक्र किया गया था, जिसके बाद प्रशासनिक अधिकारी नींद से जागे।
बुधवार के दिन अचानक एसडीएम गोपालपुर स्थित गोआश्रय स्थल पहुंचे। इस दौरान वहां मिलीं खामियों और तैनात कर्मचारियों की लापरवाही पर बिफर पड़े। लगे हाथ इसके लिए जवाबदेह खंड विकास अधिकारी चिलकहर और पशु चिकित्सा अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया। साथ ही बाउंड्री के लिए उच्च अधिकारियों को पत्र लिखने का आदेश एडीओ एजी को दिया। एसडीएम के निरीक्षण दौरान गोशाला में कुछ भूसा और एक बोरी में चोकर रखा मिला। इसके अलावा पशुओं को ठंड से बचाने के लिए कोई व्यवस्था न होने और दवाओं के रख-रखाव व इलाज में भी लापरवाही उजागर हुई। निरीक्षण के दौरान एडीओ (एजी), पशु चिकित्साधिकारी के अलावा अंबरीश चौबे, सत्यम, संजीव कुमार, विवेक कुमार वर्मा, अवधेश चौबे, राकेश कुमार आदि मौजूद रहे।