निछुआडीह स्थित परमेश्वरी मंदिर परिसर में चल रहे दंगल प्रतियोगिता के सम्मानित विजेता प्रतिभागि
बिल्थरारोड। नगरा-बेल्थरारोड मुख्य मार्ग पर निछुआडीह स्थित आदि शक्ति परमेश्वरी धाम में अंतिम मेले के अवसर पर विराट कुश्ती दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बारिश के बीच भी कुश्ती प्रेमियों का उत्साह कम नहीं हुआ। देर शाम तक लोग मैदान में डटे रहे और पहलवानों के दांव-पेच का आनंद लेते रहे।
प्रतियोगिता को तीन वर्गों में बांटा गया था। 50 से 55 आयु वर्ग के पहलवानों के लिए अभिमन्यु केसरी, 55 से 60 आयु वर्ग के लिए कुमार केसरी और 60 से 65 आयु वर्ग के पहलवानों के लिए टाइगर केसरी खिताब रखा गया। तीनों वर्गों में करीब 45 जोड़ी पहलवानों ने अपने दमखम और कुश्ती कला का प्रदर्शन करते हुए मुकाबले में भाग लिया।
देर शाम तक चले रोमांचक मुकाबलों के बाद निर्णायक मंडल ने विजेताओं के नामों की घोषणा की। अभिमन्यु केसरी का खिताब सहतवार के आकाश, कुमार केसरी का खिताब परसिया नगरा के नीरज कुमार और टाइगर केसरी का खिताब बलिया स्टेडियम के बलिराम गुप्ता ने जीता। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य जनार्दन सिंह यादव, सपा नेता राजेश पासवान, अमलेश चौहान, कृष्ण मोहन यादव, रामजी ठाकुर, राकेश यादव आदि मौजूद रहे। मऊ स्टेडियम की कमला चौहान ने रेफरी की भूमिका निभाई, जबकि हरिवंश यादव ने उद्घोषक की जिम्मेदारी संभाली। आयोजक मंडल की ओर से पूर्व जिला केसरी राम मनोहर यादव और हंसनाथ यादव ने सभी के प्रति आभार जताया।