बलिया। नगरपालिका परिषद की ओर से प्रदेश सरकार के चार वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मिशन व्यापारी कल्याण मेला का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि संसदीय कार्य एवं ग्राम्य विकास राज्यमंत्री आनंद स्वरूप शुक्ल ने कहा कि योगी सरकार की योजनाएं विशेष रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को राहत देने के लिए बनी है। सबसे बड़ी बात कि जब से केंद्र में मोदी और प्रदेश में योगी की सरकार बनी, हर योजना पारदर्शी ढंग से पात्रों तक पहुंची है। पटरी दुकानदारों के लिए खास तौर पर स्वनिधि योजना संचालित की गई।
योगी सरकार बनने के बाद प्रदेश की लचर कानून व्यवस्था को दुरुस्त किया गया। माफियाओं के घर पर बुलडोजर चला। अपराधी डर के मारे यूपी छोड़ भाग रहे हैं। आज व्यापारी खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। सुगम और सुरक्षित व्यापार के लिए उद्योगपतियों ने यूपी पर भरोसा जताते हुए यहां अरबों-खरबों रुपए का निवेश किया है। उनकी सुविधा के लिए निवेश मित्र पोर्टल लांच किया गया। राज्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि एक जनपद-एक उत्पाद मनियर के बिंदी के व्यापार के जरिए जिले में काफी लोगों को रोजगार मिला। कौशल विकास योजना, आवास और शौचालय योजना समेत अन्य कल्याणकारी योजनाओं के जरिए हर घर तक सरकार पहुंची है। व्यापारी कल्याण मेले में अधिशासी अधिकारी दिनेश विश्वकर्मा ने नगरपालिका की ओर से व्यापारियों एवं पटरी दुकानदारों को दी जाने वाली सुविधाओं के बाबत जानकारी दी। सीआरओ विवेक श्रीवास्तव, एलडीएम अशोक पांडेय, पीओ डूडा अरविंद पांडेय आदि रहे।
स्वच्छ ग्राम हरित ग्राम कार्यक्रम का आयोजन
बलिया। नेहरू युवा केंद्र के तत्वावधान में रविवार को स्वच्छ ग्राम हरित ग्राम कार्यक्रम का आयोजन रेवती क्षेत्र के हरिहाकलां में हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि एडीओ पंचायत ओमप्रकाश सिंह और विशिष्ट अतिथि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक धर्मेंद्र यादव ने किया।
वक्ताओं ने कहा कि अपने गांव को स्वच्छ रखने के साथ-साथ यह भी सोचना होगा कि गांव का वातावरण हरा-भरा कैसे हो। उन सभी चीजों से बचना होगा, जिससे वातावरण प्रदूषित होता हो। नेहरू युवा केंद्र के युवा कल्याण अधिकारी अतुल शर्मा ने ब्यूटीशियन का कोर्स पूरा करने वाली छात्राओं को प्रमाणपत्र तथा युवाओं को खेलकूद सामग्री का वितरण किया। शर्मा ने कहा कि स्वच्छता में युवाओं की भूमिका अग्रणी होनी चाहिए। कार्यक्रम में नमामि गंगे के जिला समन्वयक शलभ उपाध्याय, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, विनोद, अरविंद, राजू, गोविंद, कौशल आदि रहे। संचालन रविशंकर और अनिल राय ने संयुक्त रूप से किया।
नि:शुल्क बनाए जा रहे हैं किसान क्रेडिट कार्ड : जिला कृषि अधिकारी
चौकिया मोड़। प्रदेश सरकार के चार साल पूरे होने पर मिशन किसान कल्याण कार्यक्रम के तहत रविवार को सीयर ब्लॉक के डवकरा हाल में किसान मेला एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। मौके पर जिला कृषि अधिकारी विकेश कुमार ने कहा कि किसान क्रेडिट कार्ड नि:शुल्क बनाए जा रहे हैं, जिन्हें पीएम किसान योजना का लाभ मिल रहा है। ऐसे किसान ऑनलाइन आवेदन कर आसानी से किसान क्रेडिट कार्ड का लाभ ले सकते हैं। तहसीलदार जितेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री मंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत दुर्भाग्यवश अगर किसी किसान की मृत्यु हो जाती है तो ऐसे किसानों को 45 दिन के अंदर उनके परिजनों को पांच लाख रुपये देने का प्रावधान है। इस मौके पर बीडीओ गजेंद्र प्रताप सिंह, पुश चिकित्साधिकारी बद्री नाथ पाठक, मथुरा राम, लालमुनि सिंह, अमरीश पांडेय, अमूल्य चंद पांडेय, राकेश विश्वकर्मा,परविंद कुमार तिवारी, विश्वजीत गोस्वामी, सूर्यभान, मुन्नीलाल, पंकज मिश्र, अखिलेश कनौजिया, राधेश्याम राजभर आदि रहे।
किसानों के लिए सरकार ने जो किया किया वह अपने आप में मिशाल: केतकी
बांसडीह/घोघा। बांसडीह ब्लॉक के सभागार में किसान कल्याण मेला तथा नगर पंचायत बांसडीह परिसर में मिशन व्यापारी कल्याण मेला का आयोजन किया गया। इसका शुुुभारम्भ भाजपा नेत्री केतकी सिंह एवं नगर पंचायत अध्यक्ष रेनू सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
केतकी सिंह ने कहा कि प्रदेश में चल रही योगी सरकार ने किसानों के लिये जो कार्य किया है वह अपने आप में एक मिशाल है। समय पर सिंचाई और खाद की उपलब्धता सहित अनेक लाभकारी योजनाओं को चला रही है। जिससे प्रदेश के किसान लाभ ले रहे है। नपं अध्यक्ष रेनू सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा जनहित के लिए अनेकों योजनाएं चलाई जा रही है, हम लोग कदम से कदम मिलाकर इन योजनाओं को नगर पंचायत के निवासियों को सेवा स्तर पर उपलब्ध करा रहे हैं। वही अधिशासी अधिकारी सीमा राय ने लाभार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को नगर पंचायत के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। इस मौके पर प्रतुल कुमार ओझा, भुवाल सिंह, पूनम गुप्ता, सिंम्पी सिंह, अवधेश पांडेय, हरेंद्र गिरी, राजेंद्र सिंह, सरस्वती देवी, बीडीओ रंजीत कुमार, डॉ एस के तिवारी, धर्मेंद्र पांडेय, सभासद अशोक गुप्ता, झमन सिंह, लुकमान अंसारी, मुजीबुरहमान, अरविंद कुमार गुप्ता, सूर्य प्रकाश सिंह, अभिषेक मिश्रा, सुरेश मिश्रा आदि रहे।
242 स्ट्रीट वेंडर्स को दिया गया-10-10 हजार रुपये का स्वीकृति प्रमाणपत्र
बैरिया। नगर पंचायत बैरिया के प्रांगण में प्रदेश सरकार के चार साल बेहद कमाल कार्यक्रम में पीएम स्वनिधि योजना अंतर्गत 557 स्ट्रीट वेंडर्स लक्ष्य के सापेक्ष 242 स्ट्रीट वेंडर्स को आत्मनिर्भर बनने के लिए 10-10 हजार रुपये देने के लिए स्वीकृति प्रमाण पत्र दिया गया। बतौर मुख्य अतिथि बलिया सांसद के अनुज पूर्व ब्लॉक प्रमुख कन्हैया सिंह ने मोदी व योगी सरकार को गांवों, किसानों व मजदूरों का हितैषी बताया।
कहा पहले की सरकारें किसानों, पशुपालकों के बारे में नही सोचती थी, लेकिन योगी सरकार ने पशुओं को रखने के लिए पशुआश्रय बनवाने के लिए पशुपालकों को 70 हजार रुपये दे रही है। इतना ही नहीं अब तो गोबर भी खरीदने की व्यवस्था की जा रही है। किसानों के उत्थान के लिए हार्वेस्टर, ट्रैक्टर, मलचर, भूसा बनाने वाली मशीन पर 50 प्रतिशत तक की छूट दे रही है। कहा बंगाल के मुख्यमंत्री ममता दीदी ने बंगाल के किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि का पैसा लेने नहीं दिया। ऐसे में प्रधानमंत्री एलान कर चुके हैं कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनते ही किसानों के सभी किस्तों का धन जोड़कर एक साथ दिया जाएगा। कहा कि दुबेछपरा में रिंग बंधा में दलाली कमाने वाले के खाते में कुछ ही धन गया होगा, लेकिन सबसे ज्यादा नुकसान वहां के किसानों व आम लोगों का हुआ है। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शिवकुमार मंटन वर्मा ने कहा कि माइक्रो क्रेडिट स्कीम पीएम स्ट्रीट वेंडर्स जो फुटपाथ पर ठेला, खोमचे लगाकर किसी तरह परिवार की जीविका चलाते हैं उनके उत्थान के लिए कुल 557 वेंडर्स का लक्ष्य मिला था। जिसमें 413 वेंडर्स ने ऑनलाइन आवेदन किया है। इसके सापेक्ष 242 वेंडर्स को 10-10 हजार रुपये का स्वीकृति प्रमाण पत्र दिया गया है। प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना अंतर्गत 3082 लाभार्थियों के सापेक्ष 1825 लाभार्थियों को प्रथम क़िस्त, 1118 लाभार्थियों को द्वितीय क़िस्त व 18 लाभार्थियों को तृतीय किस्त दे दिया गया है। जल्द ही शेष लाभार्थियों को प्रधानमंत्री शहरी आवास का धन दिया जाएगा। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष शांति देवी, अधिशासी अधिकारी आशुतोष ओझा, शिवमंगल वर्मा, लिपिक आनंद कुमार, सत्येंद्र सिंह, अनंत सिंह आदि रहे।
चार वर्ष पूरे होने पर उत्सव मनाना दिवालियापन : सुभाष
बैरिया। प्रदेश सरकार के चार वर्ष पूरा होने पर उत्सव मनाने के कार्यक्रम पर प्रश्नचिह्न लगाते हुए कहा कि जिस प्रदेश की जनता त्राहि-त्राहि कर रही हो, युवा रोजगार के लिए भटक रहे हों। सड़कें उबड़ खाबड़ हों, ऐसे में कामयाबी के चार वर्ष पूरे होने का उत्सव मनाना दिमागी दिवालियापन के सिवाय और कुछ भी नहीं है। यह बातें पूर्व विधायक सुभाष यादव ने रविवार को बैरिया डाक बंगला में पत्रकारों के समक्ष कही।
उन्होंने कहा कि रोजी रोजगार हो या चुनाव, हर जगह न्याय के लिए न्यायालय का शरण लेना पड़ रहा है। आंकड़े देखकर आप इसका अंदाजा स्वयं लगा सकते हैं। कहा कि 2022 में उत्तर प्रदेश से भाजपा साफ हो जाएगी। अभी जिन पांच राज्यों में चुनाव हो रहा है। वहां, कहीं भी भाजपा की सरकार बनने वाली नहीं है। एक ईस्ट इंडिया कंपनी ने भारत को हजारों साल तक गुलाम बना दिया था। अब तो सब कुछ कंपनियों को बेचा जा रहा है। एयरपोर्ट, रेलवे, सड़क, पुल, पुलिया, बिजली, लाल किला, कल कारखाना कुछ भी और बाकी नहीं रहेगा। ऐसे में इस देश का क्या होगा, इसका जनता अंदाजा लगाने में लगी हुई है।
विधायक ने दो पुलियों का किया शिलान्यास
विशुनपुरा। प्रदेश सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर क्षेत्रीय विधायक धनंजय कन्नौजिया ने शनिवार की शाम को क्षेत्र में दो पुलिया का शिलान्यास किया। पंदह माइनर पर विशुनपुरा चट्टी और गौरा गांव में स्थित है। दोनों पुलिया की लागत क्रमश: 13 और 11 लाख हैं। विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार बिना भेदभाव के सभी वर्गों के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। इस सरकार द्वारा चलाई जा रही दर्जनों योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम पंक्ति पर खड़े व्यक्ति तक पहुंच रही है। कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकार द्वारा सुशासन, संकल्प, पारदर्शिता के साथ कार्य कर रही है। इस मौके पर सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता सीबी सिंह पटेल, सहायक अभियंता गुलाब चंद्र, विवेक सिंह, विवेक कुमार भारद्वाज, शशिप्रकाश चौरसिया, शशिप्रकाश तिवारी, सीटू मिश्र, सत्या शर्मा आदि रहे।