एसओजी सर्विलांस व उभांव और नगरा की संयुक्त टीम ने रविवार को मुठभेड़ में लूट चोरी व छिनैती के छह अभियुक्ताें को गिरफ्तार किया। इनके पास से अवैध हथियार, चोरी छिनैती के दो बाइक, सात मोबाइल और दो मंगलसूत्र बरामद किया। पुलिस लाइन के सभागार में एसपी ओमवीर सिंह ने प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि गिरफ्तार अभियुक्ताें में सुनील यादव उर्फ बैल निवासी मझवलिया अंतरजनपदीय बदमाश हैं।
इस पर विभिन्न जिलों के थानों पर 23 मुकदमा दर्ज है। यह आठ दस युवाओं का गिरोह बनाकर क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं को अंजाम देता था। इसके गिरोह में शामिल रवि कुमार, आनन्द कुमार निवासी चाडी सराय सम्भल, रोहित कुमार निवासी परती सुपापाली, अमित गुप्ता निवासी गनेरिया थाना रीदौली बस्ती को पकड़ा।
पुलिस ने लूट का समान खरीदने वाले सोनार पुष्पेन्द्र वर्मा निवासी बस्ती थाना रामपुर मऊ को भी गिरफ्तार किया है। जिसके पास से छिनैती का खरीदा गया दो मंगलसूत्र बरामद हुआ। दो वांछित रत्नेश व सैनी फरार है।
नगरा व उभांव थाना में लूट छिनैती व चोरी की घटनाएं बढ़ गई थी। बदमाश घटनाओं को अंजाम देकर पास के जिले में अंदर ग्राउंड हो जा रहे थे।
15 दिन पूर्व नगरा पुलिस ने दो बदमाशों की गिरफ्तारी हुई थी, जिनके पूछताछ के आधार पर पुलिस को गिरोह की जानकारी मिली। एसपी ने बताया कि वांछित व अज्ञात अभियुक्तों की तलाश हेतु सर्विलांस टीम प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ यादव, निरीक्षक उभांव राजेन्द्र प्रसाद सिंह, थानाध्यक्ष नगरा कौशल कुमार पाठक, एओजी प्रभारी अजय साहनी की संयुक्त टीम पिछले कई दिनों से लगी थी।
टीम को जानकारी मिली की नेछुआडीह फायर सर्विस के बगल में खेत कुछ बदमाश बैठे हैं। संयुक्त टीम बदमाशों को घेर लिया कि इतने में एक बदमाश पुलिस वालों को लक्ष्य बनाकर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। गोली थानाध्यक्ष नगरा की कनपटी के बगल से निकल गयी और बाल बाल बच गये।
जवानों ने तत्परता दिखलाते हुए सुनील यादव उर्फ बैल, रवि कुमार, आनन्द कुमार, रोहित कुमार, अमित गुप्ता को पकड़ लिया गया। पकड़े गये अभियुक्तों की निशानदेही पर ही इन अभियुक्तों द्वारा लूट के जेवरात खरीदने वाले सोनार पुष्पेन्द्र वर्मा को भी गिरफ्तार किया। पुलिस ने सभी आरोपियों को चालान कर दिया।
जमुऑव नहर से बाइक व मंगलसूत्र छीना था
पुलिस की पूछताछ में सुनील यादव उर्फ बैल ने बताया कि साथी सतीश सैनी निवासी गोठवली जीराबस्ती सुखपुरा दो साथियों के साथ 24 मई को जमुऑव नहर पुलिया के पास बाइक सवार पुरूष व महिला को रोककर मोबाइल व महिला का मंगलसूत्र लूटा लिया था। सात जून की रात में श्मशान घाट कस्बा नगरा के पास से एक व्यक्ति को तमंचा सटाकर उसका मोबाइल फोन छिन लिए थे।
18 जून को इंदौली नहर पर खड़ी बाइक को चुराया था। इसके अलावा 19 जून को विश्वनाथपुर नहर के पास एक बाइक लूटने का प्रयास किए लेकिन स्टार्ट नहीं हुई। बाइक सवार महिला का मंगलसूत्र व पुरूष का मोबाइल छिन लिए। मंगलसूत्र को सतीश सैनी के साथ मऊ निवासी पुष्पेन्द्र वर्मा को बेचा था।