बेल्थरारोड। घाघरा नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी का क्रम जारी रहने से तटवर्ती दर्जनों ग्रामों के हजारों लोगों के होश उड़ गए हैं। नदी का पानी गांवों की ओर कूच करने लगा है। ऐसे में बाढ़ की संभावना बढ़ गई है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार गुरुवार को अपराह्न जल स्तर 63.620 मीटर रिकॉर्ड किया गया है जो लाल निशान 64.010 से 99 सेंटीमीटर कम है।
आयोग का कहना है कि सुबह से जलस्तर स्थिर हो गया। फिर भी आयोग ने अगले 24 घंटे में जलस्तर में वृद्धि होने की संभावना जताई है। बाढ़ की संभावना अभी फिलहाल नहीं के बराबर है, लेकिन नदी के मिजाज में अप्रत्याशित परिवर्तन को लेकर तटवर्ती बाशिंदे सहम गए हैं। जल स्तर में वृद्धि के साथ ही तटवर्ती क्षेत्रों में कटान हो रही है। नदी का पानी मल्लाह बस्ती और माली बस्ती की ओर कटान करते हुए रिहायशी इलाकों की ओर बढ़ रहा है। हल्दीरामपुर, तुर्तीपार, हाहानाला, रेगुलेटर पर पानी का दबाव बढ़ गया है। उपजिलाधिकारी मोतीलाल यादव ने बताया कि बाढ़ की संभावना नहीं है। फिर भी एहतियात के तौर पर संभावित बाढ़ के खतरे से निपटने के लिए प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गई है। तटवर्ती क्षेत्रों में बाढ़ चौकियां स्थापित कर कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है। बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट है।