छपरा-वाराणसी रेल खंड पर चलने वाली छपरा वाराणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस गुरुवार को फेफना रेलवे स्टेशन से मऊ के बजाए उस प्लेटफार्म पर भेज दिया गया, जहां से ट्रेन गाजीपुर को जाती हैं। चालक ने इसकी जानकारी होते ही स्टेशन मास्टर को सूचित किया। इस मामले में डीआरएम ने फेफना स्टेशन मास्टर की लापरवाही मानते हुए उसे सस्पेंड कर दिया। डीआरएम के पीआरओ अशोक कुमार ने इसकी पुष्टि की है।
छपरा से वाराणसी के बीच चलने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस का नियमित संचालन फेफना मऊ होते हुए वाराणसी होता है। गुरुवार को सुबह फेफना रेलवे स्टेशन पर पहुंचने के बाद ट्रेन को प्लेटफार्म तीन के बजाय एक नंबर प्लेटफार्म पर लिया गया। एक नंबर प्लेटफार्म सेे ट्रेन गाजीपुर जाती हैं। चालक ने गलत प्लेटफार्म पर ट्रेन के जाने की सूचना स्टेशन पर दी। इसकी जानकारी होते ही रेल महकमे में हड़कंप मच गया। आनन फानन में ट्रेन को बैक करके फ्लेटफार्म तीन पर लाया गया तथा मऊ के लिए रवाना किया गया। इस दौरान ट्रेन में बैठे यात्रियों में भी अफरातफरी मच गई। इसकी जानकारी होते ही डीआरएम ने प्रथम दृष्टया स्टेशन मास्टर जितेंद्र पाठक को दोषी मानते हुए लापरवाही बरतने पर सस्पेंड करने का आदेश दिया है।