गंगा स्नान के बाद घाटों पर लगी भक्तों की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
नरहीं के भरौली गोलम्बर से गाजीपुर मार्ग पर भीषण जाम लगा रहा। एनएच-31 पर 25 किमी, बक्सर एनएच 922 पर 35 किलोमीटर 12 घंटे तक भीषण जाम लगने से मुंडन संस्कार की सैकड़ों गाड़ियां उजियार, सरंयां, कुत्तुबपुर गांव की सड़कों को भी जाम के गिरफ्त में ले लिया। मुंडन संस्कार एवं गंगा दशहरा पर स्नान करने वाली महिलाओं को घंटों जाम में गुजारना पड़ा।
चिलचिलाती धूप में लोग पैदल चलने को मजबूर हो गए। उजियार घाट गंगा तट पर दोपहर 12 बजे तक पहुंचने का सिलसिला जारी है। गाजीपुर जिले में जाने वाली गाड़ियां ग्रीन फील्ड लिंक एक्सप्रेस वे सड़क से आवागमन कर रही थी। शाम को चार बजे जाम धीरे-धीरे वाहन खिसकने लगे।
मुंडन संस्कार में पहुंचे नरही निवासी दिनेश राम ने बताया कि भरौली से उजियार घाट पहुंचने में 4 घंटे लगे हैं वह भी डेढ़ किलोमीटर पैदल चलकर जाना पड़ा। ट्रक चालक मनोज यादव, प्रमोद यादव, पंकज ने बताया कि कोईलवर से बालू लेकर गाजीपुर जाना है। उजियार तिराहे के पास पांच घंटे से खड़े हैं।
छोटी गाड़ियां 12 घंटे तक एन एच 31 पर जाम में रेंगती रही बक्सर आने जाने वाले यात्रियों मजबूर होकर पैदल चलना पड़ा। बक्सर रेलवे स्टेशन पहुंचने में यात्रियों को घंटों जाम में बिताना पड़ा। हालांकि उजियार तिराहे पर कोरंटाडीह चौकी प्रभारी गणेश पाण्डेय मौजूद रहे लेकिन जाम पुलिस पर भारी पड़ा।