रामगढ़। गंगा नदी के दियारे में बैराज खण्ड वाराणसी द्वारा कराए जा रहे ड्रेजिंग कार्य को लेकर शाहपुर, श्रीनगर के कास्तकारों में रोष है। किसानों ने कहा कि उनकी जमीन पर विभाग द्वारा रात के अंधेरे में खुदाई की जा रही है जिससे हम लोगों को काफी नुकसान का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन विभाग इस बात को मानने पर तैयार नहीं है।
किसानों ने कहा कि सरकार की ओर से हमें जमीन के बदले जमीन या मुआवजा दिया जाए अन्यथा कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। किसान राधेश्याम तिवारी, नागेन्द्र सिंह, जीतू सिंह ने कहा कि विभागीय अधिकारियों द्वारा ड्रेजिंग कार्य को रात के अंधेरे में कराना हम लोगों के साथ अत्याचार है। गंगा नदी के उस पार पचरुखिया मौजे में हो रहे ड्रेजिंग कार्य के दौरान बैराज खण्ड वाराणसी के अवर अभियंता दिनेश चंद्र भारती ने बताया कि किसानों का आरोप निराधार है अगर ऐसा हुआ होगा तो कार्यदायी संस्था के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।