बलिया। एफएसडीए की टीम ने बृहस्पतिवार को शहर के कई क्षेत्रों में छापा मारकर दूध के नमूने लिए। इसके साथ ही लाइसेंस नहीं दिखाने पर दूधियों को नोटिस जारी कर लाइसेंस बनवाने के लिए निर्देश दिया।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधीय प्रशासन विभाग की टीम ने मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को रोडवेज बस स्टैंड, सिविल लाइंस के निकट, हनुमानगंज पुलिस चौकी के निकट दूधियों के दूध के नमूने जांच के लिए। मौके पर किसी भी दूध विक्रेता के पास लाइसेंस या पंजीकरण के कागजात नहीं दिखाए गए। इस पर टीम ने नोटिस देते हुए अविलंब लाइसेंस बनवाने का निर्देश दिया। जानकारी होने पर दूधिये रास्ता बदलकर गए। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश कुमार राय, विपिन कुमार गिरि और संतोष कुमार थे। वहीं, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि लखनऊ लैब से आई जांच रिपोर्टों में दो कत्थे के नमूने असुरक्षित पाए गए हैं। ये मानव उपभोग के लिये हानिकारक हैं। ऐसे मामलों में न्यायालय में माह अप्रैल से अब तक कुल 16 वाद में लगभग 1.76 लाख रुपये का अर्थदंड लगाया गया है। अभिहित अधिकारी महेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि मौसम को देखते हुए छापा कार्यक्रम आगे भी जारी रहेगा।