नगर के स्टेशन-चौक रोड स्थित बीच सड़क पर ठेला लगाकर किया जा रहा अतिक्रमण।
- फोटो : BALLIA
बलिया। नगर में जाम से कैसे मिले मुक्ति, जब स्टेशन रोड से चौक तक ठेला खोमचा वाले एक लाइन की जगह अब दो लाइन में ठेला खोमचा लगाना शुरू कर दिया है। नगर पालिका चेयरमैन अजय कुमार का आरोप है कि ओक्डेनगंज चौकी की मिलीभगत से ठेलों का बाजार लगता है। पुलिस का कहना है कि नगर पालिका को ठेले हटाने चाहिए।
चेयरमैन ने बताया कि स्टेशन से चौक तक ठेला खोमचा हटाने के लिए मेरे द्वारा कई बार सिटी मजिस्ट्रेट, जिलाधिकारी व एसपी को पत्र लिखा गया है लेकिन अब तक कुछ हो नहीं रहा है। स्टेशन के बाहर पुलिस का बूथ है लेकिन यहां शाम को छोड़ पूरे दिन पुलिकर्मी दूर-दूर तक नहीं दिखते है। जिसका नतीजा है कि पुलिस बूथ के पिछे से लेकर चौक तक पहले एक लाइन में ठेला खोमचा वाले दुकान लगाते थे। लेकिन कोतवाली व ओक्डेनगंज चौकी पुलिस के मेहरबानी के कारण अब दो लाइन में ठेला लगाना शुरू कर दिया है। जिसका नतीजा है कि स्टेशन से चौक जाने व आने के लिए मात्र तीन से चार फीट रास्ता बचा हुआ है। ओक्डेनगंज चौकी इंचार्ज चंद्रभूषण पांडेय ने बताया कि जाम से दिक्कत सबको होती है, नगर पालिका को इस पर विचार करना चाहिए। यदि नगर पालिका साथ दे तो हम जाम हटवाने में पूरा सहयोग करेंगे। उधर, नगर पालिका ईओ दिनेश विश्वकर्मा ने बताया कि नगर पालिका ठेला नहीं लगवाती है।
राहगीरों को याद आए एसपी प्रभाकर चौधरी
बलिया। स्टेशन चौक रोड में लग रहे जाम को तत्कालीन एसपी प्रभाकर चौधरी ने हटवाकर स्थानीय निवासियों को राहत दिया था। इतना ही नहीं सडक के बीचोबीच डिवाइडर भी बना दिए थे। लेकिन उनका तबादला होते ही स्थिति एक बार फिर से बदहाल हो गई और वही स्थिति आज भी बरकरार है।