भाजपा सरकार में स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री बनाए जाने पर उपेंद्र तिवारी की पत्नी को मिठाई खिलाती उनकी सास रमुनि देवी।
सूबे की भाजपा सरकार में जिले के तीन मंत्रियों के शपथ लेने की घोषणा के बाद से ही नगर सहित ग्रामीण इलाकों में जमकर पटाखे फोड़े गए। नगर के टैगोर नगर स्थित फेफना विधायक उपेंद्र तिवारी को स्वतंत्र प्रभार का राज्यमंत्री बनाए जाने पर परिवार के लोगों में भी खुशी का माहौल देखा गया। इस दौरान परिवार के सदस्यों ने भी समर्थकों को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया।
विधायक उपेंद्र तिवारी के आवास पर उनकी मां रमुनी देवी ने अपने बेटे को मंत्री बनाए जाने पर खुशी का इजहार किया। इस दौरान उन्होंने अपने बहू दीपिका तिवारी, मंजू तिवारी तथा बेटा कमलेश तिवारी और पोते-पोतियों को मिठाई खिलाकर खुशी जताई। मां रमुनी देवी ने कहा कि उनके बेटे ने अपनी खुशी का त्याग कर शुद्ध रूप से राजनीति की थी। जिसका परिणाम मंत्री पद के रूप में मिला। विधायक उपेंद्र को मंत्री बनने पर उनकी बेटी सृष्टि दीप तथा सानवी दीप ने भी खुशी जताई।
दोनों बेटियों ने कहा कि पिता को मंत्री के रूप में नई जिम्मेदारी मिलने से वे खुश हैं। पत्नी दीपिका तिवारी ने कहा कि हमें जो खुशी मिली है उसे बयान नहीं कर सकती। पति ने विधायक रहने के दौरान बहुत दु:ख झेले है। जिसके बदले यह खुशी नसीब हुई है। वहीं भाजपा की लखनऊ से विधायक चुनी गई स्वाति सिंह के मंत्री बनने पर भी उनके पैतृक जिले में खुशी की लहर है। उनके समर्थकों ने मिठाई बांटकर खुशी जताई। रसड़ा क्षेत्र के मीरनगंज निवासी ओमप्रकाश राजभर को गाजीपुर जिले जहूराबाद से विधायक चुना गया था। उनके मंत्री बनने से रसड़ा क्षेत्र के समर्थकों में भी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। इस दौरान मिठाइयां बांटने के साथ ही पटाखे फोड़े गए।