जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन लोगों की मौत सांप काटने से हो गई। सुखपुरा थाना क्षेत्र के बरवां गांव में दो युवक तथा पकड़ी थाना क्षेत्र के गौरनिया गांव निवासी एक अधेड़ को सांप ने काट लिया। तीन लोगों की मौत हो गई।
पकड़ी थाना क्षेत्र के गौरनिया गांव निवासी रामकृपाल यादव (50) शुक्रवार की सुबह जैसे ही चारपाई से नीचे पैर रखा, वहां पहले से बैठे सांप ने डस लिया। परिवार के सदस्य अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़फूंक के लिए लेकर चले गए, जहां उनकी मौत हो गई। उधर, सुखपुरा थाना क्षेत्र के बरवां गांव निवासी एवं बीडीसी सहबजान के 16 वर्षीय पुत्र आरिफ एवं शिवदयाल राम का 17 वर्षीय पुत्र पंकज को सर्प ने डंस लिया, जिनकी वाराणसी जाते वक्त रास्ते में मौत हो गई।
वाकया उस समय हुआ जब दोनों दोस्त बरवां चट्टी पर स्थित टेंट की दूकान पर सोकर मोबाइल में फिल्म देख रहे थे। इसीबीच किसी सर्प ने डस लिया। परिजन दोनों को बांसडीह स्थित सती माई के स्थान पर ले गए। जहां हालत में सुधार नहीं होने पर वे जिला अस्पताल लाए। चिकित्सकों ने हालत नाजुक देख दोनों को वाराणसी रेफर कर दिया। रास्ते में दोनों ने दम तोड़ दिया।