चितबड़ागांव। स्थानीय मंडी समिति के अंतर्गत गेहूं का उचित मूल्य दिलाने वाले चारों केंद्र बंद हैं। किसी केंद्र का प्रभारी तो किसी का अधिकारी कोरोना की चपेट में आ गया है। ऐसे में अन्नदाता दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं। साथ ही गेहूं बिचौलियों को औने-पौने दामों पर बेच रहे हैं।
क्षेत्र पंचायत सोहांव के अंतर्गत मार्केटिंग विभाग के दो क्रय केंद्र कथरिया व चितबड़ागांव मंडी परिसर और तीसरा भारतीय खाद्य निगम का उसरौली, चौथा केंद्र समिति का मंडी परिसर में है। इन चारों क्रय केंद्रों पर मंगलवार को खरीद नहीं होने से किसानों को लौटना पड़ा। बताया गया कि चौरा कथरिया के गेहूं क्रय केंद्र प्रभारी कोरोना की वजह से तीन दिन से नहीं आ रहे हैं। ऐसे में केंद्र बंद पड़ा है। इसी विपणन विभाग के जिला विपणन अधिकारी भी संक्रमित हैं। केंद्र प्रभारी मंडी परिसर में खुले क्रय केंद्र पर हफ्तों से नहीं आ रहे हैं। मंडी समिति के केंद्र प्रभारी कमलेश रावत पॉजिटिव हैं। भारतीय खाद्य निगम के केंद्र में बोरी के अभाव में खरीदारी नहीं हो रही हैं।