बलिया। मनियर थाना क्षेत्र से बच्चियों को बहला-फुसलाकर दूसरे प्रांतों में बेचने वाले गैंग का खुलासा हुआ है। पुलिस ने शिकायत पर एक बाल अपचारी को पकड़ा है। तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से दो नाबालिग बच्चियां मिली हैं।
जनपद में एसपी ओमवीर सिंह की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत थानाध्यक्ष मनियर रत्नेश दुबे के नेतृत्व में पुलिस को सफलता मिली है। थाने में 29 दिसंबर व 22 जनवरी को नाबालिगों की गुमशुदगी के दर्ज अलग-अलग मुकदमाें में गिरफ्तारी के लिए उपनिरीक्षक मनीष कुमार वरुण व उपनिरीक्षक मो इस्माइल शेख हमराहियों के साथ लगे थे। शनिवार को अभियुक्त मोहन यादव निवासी गौरा बगही गंगापुर, अशोक कुमार निवासी धमलक्ष्मी नगर पाली थाना सदर जिला पाली राजस्थान, किशन भाटी निवासी सुन्दरनगर पाली थाना ट्रांसपोर्ट नगर जिला पाली राजस्थान को पकड़ा। एक नाबालिग भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि हम लोग घर से नाराज होकर निकली बच्चियों को प्रलोभन देकर दूसरे प्रांत में ले जाकर लोगों से पैसे लेकर लोगों को शादी व घरेलू कार्य के लिए बेच देते हैं। आरोपियों के कब्जे से दो बच्चियों को सकुशल बरामद किया गया। इनके पास से पैंतीस हजार रुपये बरामद किए गए। पुलिस ने सभी आरोपियां का चालान कर दिया। नाबालिग को पुलिस अभिरक्षा में अदालत में पेश किया गया।