सिकंदरपुर। तहसील क्षेत्र में शुक्रवार को अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में चार लोग घायल हो गए। मनियर थाना क्षेत्र के निपनिया चट्टी के समीप शुक्रवार की सुबह निपनिया निवासी विजय कुमार यादव (60) साइकिल से चट्टी की ओर जा रहे थे।
सामने से आ रहे तावा निवासी रंजीत (18) की मोटरसाइकिल से टक्कर हो गई। हादसे में दोनों घायल हो गए। उधर, खेजुरी थाना क्षेत्र के बहेरी चट्टी के पास शुक्रवार की दोपहर में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। अजय (26) निवासी भुड़ाडीह और किशन यादव (17) निवासी बहेरी घायल हो गए। दोनों हादसों में आसपास के लोगों ने घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
उधर, बैरिया में बैरिया-रानीगंज मार्ग पर धरम टॉकीज के समीप शुक्रवार को प्याज लदी पिकअप ने एक बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक चालक दशरथ शाह (35) निवासी भाटा मोहम्मदपुर (सारण), गंभीर रूप से घायल हो गए।
गनीमत रही कि बाइक पर पीछे बैठे उनका भतीजा मंतोष और पुत्री रिंकी बाल-बाल बच गए। जानकारी के अनुसार, दशरथ शाह रानीगंज बाजार से अपने गांव लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि, परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए छपरा (बिहार) लेकर चले गए। बैरिया पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक और प्याज लदी पिकअप को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। प्रभारी निरीक्षक आरपी सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।