सहतवार थाना क्षेत्र के उदहा गांव में पूर्व प्रधान मृतक रामव्यास वर्मा। फाइल फोटो, परिजन
बलिया। सहतवार थाना क्षेत्र के उदहा गांव में बृहस्पतिवार की रात ट्यूबवेल पर सो रहे पूर्व प्रधान रामव्यास वर्मा (70) की ईंट से सिर कूच कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने छह घंटे में हत्याकांड का खुलासा कर दो आरोपियों शिवम वर्मा और गोपाल वर्मा को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त ईंट और खून से सने कपड़े बरामद हुए हैं। पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि पुरानी चुनावी रंजिश और जमीन के विवाद में वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने खुलासा करने वाली स्वाट और सहतवार थाने की संयुक्त टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
गांव उदहा निवासी गुड्डू वर्मा ने बताया कि पिता रामव्यास वर्मा वर्ष 2000 में प्रधान थे। वह रोज की तरह बृहस्पतिवार रात में खाना खाने के बाद घर से करीब 400 मीटर दूर ट्यूबवेल पर सोने गए थे। सुबह 5:30 बजे उन्हें बुलाने पहुंचा तो झोपड़ी में पिता का शव खून से लथपथ मिला। सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
गुड्डू ने आशंका जताई कि पिता की हत्या पुरानी रंजिश में की गई है। रामव्यास के एक बेटा और तीन बेटियां हैं। हत्या की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। घटना की सूचना पर करीब 6 बजे थानाध्यक्ष प्रशांत चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
-
दूसरा चुनाव हारने के बाद रामव्यास ने आरोपी के पिता व नाना से किया था दुर्व्यवहार
अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश शुक्ला ने बताया कि बेटे गुड्डू वर्मा की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। जांच के दौरान पता चला कि हत्या के पीछे पुरानी चुनावी रंजिश और जमीन का विवाद मुख्य वजह थे। प्रधानी का दूसरा चुनाव हारने पर रामव्यास वर्मा ने आरोपी शिवम वर्मा के पिता दिवंगत पिता राम उदार वर्मा और नाना के साथ दुर्व्यवहार व मारपीट की थी। राम उदार वर्मा दूसरे खेमे में शामिल थे। दुर्व्यवहार व मारपीट करने के कारण आरोपी शिवम रंजिश रखता था। दूसरा आरोपी गोपाल वर्मा का रामव्यास वर्मा से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।
अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश शुक्ला ने बताया कि घटना की रात दोनों आरोपियों ने पहले एक साथ शराब पी और फिर योजनाबद्ध तरीके से रामव्यास वर्मा की ईंट से कुचलकर हत्या कर दी। इसके बाद दोनों भाग निकले। पुलिस की संयुक्त टीम ने छह घंटे बाद दोपहर करीब 12 बजे आरोपी शिवम वर्मा को त्रिकालपुर-अतरडरिया तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना के समय पहने गए खून से सने टी-शर्ट, हाफ पैंट, बनियान तथा हत्या में प्रयुक्त खून लगी ईंट बरामद की गई। इसके बाद दूसरे आरोपी गोपाल वर्मा को उदहा-त्रिकालपुर मार्ग से गिरफ्तार कर लिया गया।