बेल्थरारोड। उभांव थाने में सोमवार की शाम एक पारिवारिक मामला आया। तीन बेटियों और पत्नी को छोड़कर एक पूर्व प्रधान चचेरी साली के साथ रहने की जिद पर अड़ा था।
बेल्थरारोड नगर निवासी एक युवती की शादी आठ साल पहले मऊ जनपद के हलधरपुर थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति से हुई थी। वह गांव का पूर्व प्रधान है। दंपती की तीन बेटियां हैं। बताया जा रहा है कि इसी दौरान पूर्व प्रधान का अपनी पत्नी की चचेरी बहन से प्रेम-प्रसंग हो गया। दोनों साथ रहने लगे। इधर युवती की शादी कहीं और तय होने पर उसके पिता ने उभांव थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि पूर्व प्रधान बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।
शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया और उभांव थाने लेकर आई। सूचना मिलते ही पूर्व प्रधान की पत्नी अपनी तीनों बेटियों के साथ थाने पहुंच गई। लेकिन वह चचेरी साली के साथ रहने की बात पर अड़ा रहा। पुलिस ने नियमानुसार उन्हें उपजिलाधिकारी न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां उनके बयान दर्ज किए गए। कोर्ट परिसर में भी पत्नी और बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
उभांव थानाध्यक्ष दिनेश पाठक ने बताया कि दोनों पक्ष बालिग हैं और अपनी मर्जी से साथ रहने की बात कह रहे थे। इसलिए विधिक प्रक्रिया के तहत उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।