जुलूस लेकर कलेक्ट्रेट की ओर जाते भाजपा के पूर्व विधायक रामइकबाल सिंह और भाजपाजन।
- फोटो : balia
पूर्व विधायक रामइकबाल सिंह के नेतृत्व में हजारों भाजपाजनों ने बुधवार को नगर के टाउन हाल से जुलूस निकालकर जेल भरो आंदोलन के तहत कलेक्ट्रेट पर गिरफ्तारी दी। प्रशासन ने 1500 लोगों की गिरफ्तारी करने के बाद मौके पर ही छोड़ दिया। इस अवसर पर पूर्व विधायक ने सपा सरकार के खिलाफ जमकर हमला बोला। उन्होंने जिला प्रशासन को राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा, जिसमें विभिन्न मामलों में किए गए घोटाले की जांच कराने की मांग की गई।
पूर्व विधायक रामइकबाल सिंह के नेतृत्व में हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगर के टाउन हाल से जुलूस निकाला। इस दौरान प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कहा कि सूबे की सरकार में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। बलात्कार, लूट, डकैती, हत्या शिष्टाचार बन गया। कहा कि नंदपुर गांव के बलात्कार के आरोपी पर रासुका लगाया जाए और जया मिश्रा हत्याकांड तथा रोशनी पाल हत्याकांड की सीबीआई जांच कराई जाय। बलिया नगर के सीवर लाइन में भुगतान प्राप्त करने वाली फर्म को ब्लैक लिस्टेड करते हुए इसकी उच्च स्तरीय जांच कराई जाय। कहा कि नगर के जर्जर सड़कों के बाद भी पैसा हजम करने वाले ठेकेदारों की जांच होनी चाहिए।
कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन योजना में आए धन की घोटाले, नरहीं कांड में दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही मामले की सीबीआई से जांच कराई जाए। इस मौके पर संदीप सिंह, दीपक शर्मा, विनोद तिवारी, गीता शरण सिंह, अरविंद सिंह, स्वामी नाथ साहनी, अनिल सिंह, राजाराम चौहान, साधू यादव, विजय सिंह, सुभाष यादव सहित हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।