बलिया। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सेवा विभाग के निर्देशन में रविवार को जिला व महिला अस्पताल में भर्ती मरीजों व उनके परिजनों को स्वयं सेवकों द्वारा भोजन का वितरण किया गया।
बता दें कि कोरोना महामारी की वजह से प्रदेश सरकार की ओर से तीन दिनों का वीकेंड लॉकडाउन लगाया गया है, जिसमें सभी प्रकार की दुकानें व होटल बंद हैं। इस दौरान अस्पताल में भर्ती दूर दराज के लोगों को भोजन की असुविधा हो रही है। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कार्यकर्ताओं ने इस असुविधा को देखते हुए अस्पताल में भर्ती मरीजों व उनके परिजनों को भोजन मुहैया कराया। इसके पूर्व शनिवार की देर शाम भी स्वयं सेवकों द्वारा जिला अस्पताल व महिला अस्पताल सहित शहर में संचालित विभिन्न नर्सिंग होम में उनके संचालकों की अनुमति से खिचड़ी का वितरण किया गया। इस अवसर पर जिला प्रचारक सत्येंद्र, परमेश्वरन श्री, डॉ सन्तोष तिवारी, संजय कश्यप,आशीष, संजय वर्मा, मारुति व राघवेंद्र आदि रहे।