नगर के हनुमानगढ़ी मंदिर के समीप स्थित फूल मालाओं की दुकान।
- फोटो : BALLIA
बलिया। विधानसभा चुनाव में फूलों का कारोबार महक रहा है। नेताओं के स्वागत के लिए फूल और मालाओं के आर्डर मिल रहे हैं। इसी वजह से फूलों की मांग काफी बढ़ गई है। पहले जहां दो कुंतल प्रतिदिन खपत होती थी। अब चार कुंतल तक पहुंच गई है। जबरदस्त मांग को देखते हुए फूल विक्रेताओं ने इनके दाम दोगुने कर दिए हैं। गेंदा डेढ़ सौ और गुलाब चार सौ रुपये प्रति किलो बिक रहा है।
विधानसभा चुनाव को लेकर इन दिनों प्रत्याशी और राजनीतिक दलों के पदाधिकारी लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं तो बैठकें हो रही हैं। जगह-जगह उनके स्वागत कार्यक्रम किए जा रहे हैं। ऐसे में नेताजी के स्वागत के लिए फूल और माल्यार्पण के लिए फूलमालाओं की मांग बेहद ज्यादा है। चुनाव की वजह से फूल कारोबार अब महक रहा है। मांग को देखते हुए 150 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिकने वाला गुलाब अब 400 रुपये प्रति किलो बेचा जा रहे हैं। वहीं, गेंदा के फूल सौ से डेढ़ सौ रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिक रहा है, जबकि इससे पहले यह 70 रुपये प्रतिकिलो बिक रहा था। शहर के हनुमानगढ़ी मंदिर के करीब स्थित फूल कारोबारी संजीव और माया ने बताया कि वर्तमान में चुनाव के साथ ही विवाह का सीजन भी चल रहा है। सजावट के साथ दूल्हा-दुल्हन माला गुलाब साथ के लिए माला के साथ अन्य मालाएं तैयार की जा रही हैं। इस बार विधानसभा चुनाव साथ में होने की वजह से मांग बहुत अधिक बढ़ गई है। बाहर से फूल मंगाए जा रहे है। सिनेमा रोड में फूल बेचने वाले शैलेंद्र ने बताया कि विधानसभा चुनाव की वजह से हर दिन विभिन्न दलों के तमाम कार्यकर्ता गुलाब के फूल के साथ मालाएं खरीदने के लिए आ रहे हैं। चुनाव की वजह से बिक्री अधिक हो रही है। हर दिन की आय में इजाफा भी हुआ है। गेंदे की माला 50 रुपये में एक और गुलाब की माला 100 रुपये में एक बिक रही है। लिली फूल भी 20 रुपये पीस बिक रहा है।