कोहरे के कारण ट्रेनों के परिचालन को सुचारू ढंग से बनाए रखने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे ने 32 जोड़ी ट्रेनों को तीन माह तक निरस्त व कम फेरों में संचालन करेगा। ताकि ट्रेनें विलंबित न हों। ये ट्रेनें एक दिसंबर से 29 फरवरी तक निरस्त रहेंगी। कई ट्रेनें ऐसी है, जो मार्च के पहले सप्ताह तक निरस्त रहेंगी।
बलिया रुट से गुजरने वाली पांच जोड़ी एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन एक दिसंबर से 29 फरवरी तक नहीं होगा। छपरा से चलने वाली 15159- 15160 सारनाथ एक्सप्रेस, 15083- 15084 उत्सर्ग एक्सप्रेस, 15053- 15054 लखनऊ- छपरा एक्सप्रेस कम फेरे में चलेगी। रेल अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली की तरफ जाने वाली 14524-14525 हरिहर नाथ एक्सप्रेस, 04055- 04056 बलिया- आनंद बिहार टर्मिनल हमसफर एक्सप्रेस छह दिसंबर से फरवरी के अंतिम सप्ताह तक निरस्त रहेगी। कोहरे के कारण अभी निरस्त होने वाली ट्रेनों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। अगले महीने में पड़ने वाले कोहरे की आशंका को देखते हुए रेलवे ने अभी से ट्रेनों का निरस्तीकरण करना शुरू कर दिया है। दिसंबर से फरवरी के बीच संभावित कोहरे के कारण कई अहम ट्रेनों को निरस्त कर दिया गया है। जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि निरस्त ट्रेनों में अगर यात्रियों ने टिकट करा लिए हैं, वह रिफंड ले सकते हैं। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। बताया की अगले तीन माह में यात्रा करने से पूर्व ट्रेन की जानकारी कर ही यात्रा करे।