रसड़ा। त्योहारों से पहले रसड़ा पुलिस ने घनी आबादी के बीच अवैध रूप से भंडारण किए गए 15 लाख रुपये के पटाखे और विस्फोटक सामग्री पकड़ी है।
स्वाट/सर्विलांस और थाना रसड़ा की संयुक्त टीम ने एसडीएम रसड़ा रणवीर सिंह व सीओ रसड़ा रजनीश कुमार की मौजूदगी में नाथबाबा चौराहा स्थित एक दुकान व आवासीय परिसर में छापा मारा गया। मौके से 85 छोटी-बड़ी बोरी, 15 कार्टून और खुले में रखे करीब पांच बोरी पटाखे बरामद हुए। पुलिस ने सामग्री को सीज करते हुए तारकेश्वर जायसवाल को गिरफ्तार कर संबंधित धारा में चालान कर दिया।
कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि आगामी त्योहारों के मद्देनजर अवैध पटाखों और विस्फोटक सामग्री के भंडारण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में टीम को नाथबाबा चौराहे के पास अवैध पटाखों के भंडारण की सूचना मिली थी। एसडीएम और सीओ की मौजूदगी में टीम ने मौके पर दबिश दी तो तारकेश्वर जायसवाल मौजूद मिला। उसकी दुकान और आवासीय परिसर की जांच में भारी मात्रा में पटाखे मिले। जांच में सामने आया कि पटाखों का भंडारण बिना वैध लाइसेंस और निर्धारित सुरक्षा मानकों के किया गया था।
मौके पर आग बुझाने के पर्याप्त उपकरण भी नहीं मिले और जिला प्रशासन की ओर से जारी वैध अग्निशमन एनओसी भी नहीं मिली। पुलिस ने बरामद पटाखों और विस्फोटक सामग्री को सीज कर दिया।