बलिया जिले के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कस्बा स्थित गांधी आश्रम के पास लोकतंत्र सेनानी एवं वरिष्ठ पत्रकार शंभू नाथ मिश्रा के आवास में रविवार की आधी रात के बाद लगभग 2 बजे रहस्यमय परिस्थितियों में आग लग गई।
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि घटना के समय मकान मालिक सो रहे थे। उसी दौरान पास में सो रहे कुछ श्रमिकों ने आग की लपटें देखीं तो आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद लोगों ने मकान मालिक को जगाया और आग बुझाने में जुट गए, लेकिन आग ने विकराल रूप ले लिया।
स्थानीय लोगों द्वारा तत्काल पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बासडीह व बलिया से पहुंची फायर ब्रिगेड की टीमों ने तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक आवास में रखा कीमती लकड़ी, खाद्य सामग्री एवं अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो चुके थे।
प्राथमिक आकलन के अनुसार आग लगने की इस घटना में हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ित शंभू नाथ मिश्रा ने घटना की जानकारी संबंधित लेखपाल एवं उच्च अधिकारियों को दे दी है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।