बलिया। नवीन आदर्श इंटर कॉलेज, इसारी सलेमपुर की प्रबंध समिति ने प्रभारी प्रधानाचार्य अशोक कुमार सिंह को निलंबित करते हुए जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की है। साथ ही प्रबंधक ने निलंबित प्रभारी प्रधानाचार्य के खिलाफ नगरा थाने में तहरीर दी है।
इस बाबत जारी पत्र में प्रबंधक दिग्विजय बहादुर सिंह ने कहा है कि पांच जनवरी को हुई प्रबंध समिति की बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया है। इसमें उल्लेख है कि तीन परिचारकों की कूट रचित दस्तावेजों से नियुक्ति कर प्रधानाचार्य ने विद्यालय की छवि को धूमिल किया है। साथ ही विद्यालय में मिड डे मील योजना का सुचारू रूप से क्रियान्वयन नहीं करने तथा अभिलेखों को समय से पूर्ण नहीं करने, शैक्षणिक कार्यों में लापरवाही बरती है।
बीते 31 दिसंबर को जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार गुप्ता ने नवीन आदर्श इंटर कॉलेज के प्रबंंधक को पत्र लिखकर प्रभारी प्रधानाचार्य अशोक कुमार सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का आदेश दिया था। पत्र में तथाकथित परिचारक विनय कुमार सिंह, मुन्ना सिंह एवं अभय सिंह ने तत्कालीन प्रधानाचार्य वीर बहादुर सिंह के फर्जी हस्ताक्षर से नियुक्ति पाई थी। इसमें तत्कालीन प्रबन्धक जयशंकर सिंह की मिलीभगत थी।
डीआईओएस ने प्रभारी प्रधानाचार्य पर तथाकथित परिचारकों के वेतन भुगतान में सरकारी धन के गबन का आरोप लगाया था। वहीं, प्रबंधक प्रबंधक दिग्विजय बहादुर सिंह ने कहा कि डीआईओएस के पत्र के आलोक में पांच जनवरी को प्राथमिकी दर्ज करने के लिए नगरा पुलिस को तहरीर दे दी गई है।