बैरिया। बैरिया तहसील में कंप्यूटर ऑपरेटर भूलेख शैलेश भारती के साथ गाली-गलौज, मारपीट व जाति सूचक संबोधन, सरकारी काम में बाधा, अभिलेख को फाड़ने के आरोप में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
इसमें तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश मिश्र, महामंत्री राजकुमार तिवारी, अधिवक्ता संजय सिंह, अधिवक्ता अंजनी कुमार सहित कुछ अन्य अधिवक्ताओं के नाम हैं। अधिवक्ताओं ने फर्जी मुकदमा दर्ज कराने का आरोप लगाते हुए न्याय मिलने तक सभी न्यायालय के न्यायिक कार्य का बहिष्कार कर दिया। संगठन के पदाधिकारियों ने पूरे मामले की जानकारी कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन बलिया, सिविल बार एसोसिएशन बलिया व क्रिमिनल बार एसोसिएशन बलिया तथा जिलाधिकारी को लिखित रूप से दी है।
अधिवक्ताओं ने मामले की उच्च स्तरीय जांच कर संबंधित संविदा के भूलेख ऑपरेटर को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की। बृहस्पतिवार को तहसील भवन में कंप्यूटर ऑपरेटर शैलेश भारती निवासी टेंगरही बाहर से ताला बंद भीतर कार्य कर रहे थे। गंगा पार नौरंगा के कुछ युवकों ने ताला बंद होने पर आपत्ति जताई और ताला खुलवाया। इस दौरान भूलेख कक्ष में ऑपरेटर शैलेश भारती व युवकों के बीच कहासुनी व हाथापाई हो गई। इसबीच में कुछ अधिवक्ता वहां आ गए। अधिवक्ताओं का कहना है कि बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
उधर, कंप्यूटर ऑपरेटर शैलेश ने अधिवक्ताओं पर जाति सूचक गाली देने, मारपीट करने, सरकारी कागजात फाड़ने व सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। इसपर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली।
आक्रोशित अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को आपात बैठक कर प्रस्ताव पारित किया कि बैरिया तहसील भ्रष्टाचार का केंद्र बना हुआ है। यहां प्राइवेट कर्मी खुलेआम जनता से लूट-खसोट कर रहे हैं। अगर तत्काल इन्हें नहीं हटाया गया तो अधिवक्ता आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
अध्यक्ष राकेश मिश्रा ने बताया कि विगत 26 जून को भी बार एसोसिएशन द्वारा प्रस्ताव पारित कर संविदा के कर्मी शैलेश भारती, नंदलाल व अन्य प्राइवेट कर्मियों को तहसील से हटाने के लिए एसडीएम से मांग की गई थी। एसडीएम ने उचित कार्रवाई करने का भरोसा दिया था, किंतु एक पखवाड़ा बीत जाने के बावजूद एसडीएम की ओर से इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की गई। तहसील में न्यायिक कार्य ठप हो जाने के कारण दूर-दराज से आने वाले वादकारियों को भारी असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।
इस बाबत प्रभारी निरीक्षक बैरिया राजेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि कंप्यूटर ऑपरेटर शैलेश भारती की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं, एसडीएम बैरिया संजय कुशवाहा ने कहा कि अधिवक्ताओं ने भूलेख ऑपरेटर के साथ मारपीट की है। जिसका सीसीटीवी फुटेज मौजूद है। जांच की जा रही है।