बलिया। विद्युत विभाग की ओर से संचालित एकमुश्त समाधान योजना अभी भी परवान नहीं चढ़ सका है। अधिकांश बकायेदार बकाया जमा नहीं कर रहे। अब विभाग ने 10 हजार से अधिक के 39223 बकायेदारों को अंतिम नोटिस जारी किया है। 31 दिसम्बर तक बकाया जमा नहीं होने पर इनके खिलाफ आरसी जारी की जाएगी। अब तक कुल बकायेदार 255952 के सापेक्ष 30503 बकायेदारों ने ही बकाया जमा किया है।
विद्युत विभाग आर्थिक बोझ के तले दबा हुआ है और बकायेदारों की ओर से भुगतान नहीं करने के कारण विभाग को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि धन के अभाव में विकास कार्य प्रभावित होते हैं। बकायेदारों को सुविधा देने के लिए विभाग की ओर 20 अक्तूबर से एकमुश्त समाधान योजना संचालित है। योजना के तहत अलग-अलग तरह के विद्युत उपभोक्ताओं के लिए अलग-अलग छूट देने का प्रावधान है। लेकिन दो माह बाद भी अधिकांश बकायेदार इसमें शामिल नहीं हुए हैं। विभाग की ओर से पहले एक लाख से अधिक के बकायेदारों की आरसी जारी की गई। इसके बाद 50 हजार से अधिक 25202 बकायेदारों को अंतिम नोटिस दी। अब 10 से अधिक के 39223 बकायेदारों से वसूली को लेकर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। अधिकारियों की मानें तो अभी एकमुश्त समाधान योजना का संचालन चल रहा है लिहाजा बकायेदारों को अंतिम नोटिस देकर आगाह किया जा रहा है ताकि वह योजना में शामिल होकर बकाया जमा करें। अंतिम नोटिस वाले बकायेदार अगर 31 दिसंबर तक बकाया जमा नहीं करेंगे तो वसूली के लिए इनके खिलाफ आरसी जारी कर जिला प्रशासन को भेजा जाएगा।