खेल निदेशालय और उप्र हाकी की ओर से आयोजित प्रदेशीय जूनियर बालिका हाकी प्रतियोगिता के खिताबी मुकाबले में लखनऊ और गोरखपुर की टीमें भिड़ेंगीं।
फाइनल मैच वीर लोरिक स्टेडियम में गुरुवार को खेला जाएगा। बुधवार को प्रतियोगिता के दोनों सेमीफाइनल मैच खेले गए। पहला सेमीफाइनल मुकाबला लखनऊ खेल छात्रावास बनाम वाराणसी मंडल और दूसरा लखनऊ मंडल बनाम स्पोर्ट्स कालेज गोरखपुर के बीच खेला गया।
इसमें लखनऊ स्पोर्ट्स हास्टल और गोरखपुर स्पोर्ट्स कालेज की टीमों ने प्रतिद्वंद्वियों को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। लखनऊ खेल छात्रावास और वाराणसी मंडल के बीच पहले मैच खेला गया।
लखनऊ खेल छात्रावास ने वाराणसी मंडल को 11-0 से पराजित कर फाइनल में जगह बना ली। कप्तान श्रेया सिंह और पूजा प्रजापति ने जोरदार हैट्रिक लगाई। इन दोनों खिलाड़ियों की हैट्रिक की बदौलत लखनऊ खेल छात्रावास ने वाराणसी को एकतरफा मात दी।
दूसरा सेमी फाइनल मैच लखनऊ मंडल और गोरखपुर स्पोर्ट्स कालेज के बीच खेला गया। पहला गोल लखनऊ मंडल की तरफ से हुआ। तेज अटैक में 19वें मिनट में आरती सिंह ने शानदार फील्ड गोल कर लखनऊ मंडल को बढ़त दिलाई।
गोरखपुर स्पोर्ट्स हास्टल की ओर से काउंटर अटैक में 28वें मिनट में सोनल तिवारी ने गोल दाग कर मैच को बराबरी पर लाकर खड़ा कर दिया।
मध्यांतर पर मुकाबला एक-एक पर बराबरी पर था लेकिन मैच का निर्णायक गोल 45 वें मिनट में स्पोर्ट्स कालेज की तरफ से अर्चना भारद्वाज ने शानदार फील्ड गोल कर किया। इस प्रकार यह मैच गोरखपुर स्पोर्ट्स कालेज ने दो-एक से जीत लिया।
शुभारंभ मुख्य अतिथि चेयरमैन साधना गुप्ता तथा एडीएम की पत्नी रुचि सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। अतिथिद्वय का स्वागत नीलम सिंह ने बैज लगाकर किया। इस मौके पर क्रीड़ाधिकारी लक्ष्मीशंकर ने अतिथिद्वय को स्मृति चिह्न प्रदान किया।