सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के जमुई में चुनावी रंजिश को लेकर दो गुटों में हुई मारपीट में सात गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें दो का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। इस मामले में पुलिस ने 11 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है।
बताया जाता है मंगलवार की देर शाम जमुई गांव निवासी भोला प्रसाद 50 अपने गांव में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में शपथ ग्रहण का जश्न मना रहे थे। इसी बीच मौके पर नबी रसूल पहुंचे और दोनों लोगों में कहासुनी होने लगी और देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गय। जिसमें एक पक्ष से शोएब 25 और अब्दुल्लाह 28 तथा दूसरे पक्ष से मधुर 40, आनंद 38, नबी रसूल 40 और नूर मोहम्मद 35 और मृत्युंजय 35 घायल हो गए। मारपीट की सूचना पर मंगलवार की देर रात मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक ने भी मामले की जानकारी ली और मौके की स्थिति को देखते हुए वहां पर पुलिस बल तैनात कर दिए। सिकंदरपुर एसएचओ विपिन सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर दोनों तरफ से मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जिसमें 11 लोगों पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है।