कलेक्ट्रेट में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते अखिल भारतीय खेत मजदूर यूनियन के कार्यकर्ता।
- फोटो : ballia
विभिन्न मांगों को लेकर अखिल भारतीय खेत मजदूर यूनियन व ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के संयुक्त तत्वाधान में मजदूरों ने जिलाधिकारी कार्यालय पर बुधवार को प्रदर्शन किया। इसके पूर्व मजदूरों ने टाउन हॉल से जुलूस भी निकाला। खेत मजदूर यूनियन के प्रदेश महासचिव बीएल भारती ने कहा कि योगी व मोदी सरकार की नीतियों के चलते गरीब मजदूरों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। किसान भी खेत मजदूर में बदलते जा रहे हैं। भाजपा शासित राज्यों में दलित उत्पीड़न की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
सांसद व सरकार अपना वेतन लाखों रुपये प्रतिमाह बढ़ा रहे हैं लेकिन गरीबों को राशन व पेंशन देने के लिए उनके पास पैसे नहीं हैं। शैलेंद्र ने कहा कि सरकार फसलों के लागत मूल्य का डेढ़ गुन नहीं दे रही है और किसान आत्महत्या करने को विवश हैं। खेत मजदूरों को तीन हजार रुपये पेंशन देने, सूदखोरों पर अंकुश लगाने की मांग की। सतीश पासवान, भरत गोंड, सुरजीत लाल, मकरध्वज, पवन उपाध्याय, हरेराम, मंडेला, संजय राव, गोपाल राव, भीमशंकर आदि थे। संचालन रामकृष्ण यादव ने किया।