बैरिया। अगले साल मिलने के वादे के साथ सुदिष्ट बाबा का धनुषयज्ञ मेला संपन्न हो गया। बेहतर प्रबंधन के लिए मेला में आए दुकानदारों ने ग्राम पंचायत कोटवां के प्रति व्यक्त किया आभार। पांच दर्जन से अधिक दुकानदारों ने कहा पिछले वर्षों की तुलना में इस साल मेले की व्यवस्था बेहतर थी।
उल्लेखनीय है कि अगहन सुदी पंचमी आठ दिसंबर से शुरू हुआ सुदिष्ट बाबा के धनुष यज्ञ मेला का समापन चार जनवरी को हो गया। इस मेले में बिहार, पच्छिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्यप्रदेश की दर्जनों दुकानें आई थीं, जिन्होंने खूब मुनाफा कमाया। प्रधान संघ के अध्यक्ष रोशन गुप्त व प्रधान वंदना गुप्त ने बताया कि पिछले तीन सालों में इस साल मेले में रिकार्ड भीड़ थी। चरखी, झूला, फर्नीचर, तरणताल, बर्तन, कपड़े आदि के दुकानों के साथ जलेबी-मिठाई के दुकानदारों के यहां पूरा मेला अवधि में भीड़ देखी गई। उपजिलाधिकारी अभय कुमार सिंह, सीओ अशोक कुमार मिश्र, एसएचओ शिवशंकर सिंह मेले का चक्रमण करते रहे। सुरक्षा के लिए भारी संख्या में पुलिस व पीएसी के जवान तैनात किए गए थे। मेलाध्यक्ष रोशन गुप्त ने ग्राम पंचायत के सभी सदस्यों के साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।