बलिया। कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के नगर निकायों में संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा डीएम ने रविवार को की। बेल्थरारोड व रतसर कलां के ईओ को कार्यों में लापरवाही पर चेतावनी देते हुए जवाब मांगा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिले के सभी नालों की समयबद्ध सफाई सुनिश्चित की जाए तथा इसकी जांच भी कराई जाएगी। जहां-जहां एमआरएफ (मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर स्थापित हैं, उनका नियमित संचालन होना चाहिए।
जांच में संचालन बंद मिलने पर संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। निर्माणाधीन एमआरएफ सेंटरों को भी शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिशासी अधिकारियों (ईओ) को अपने-अपने क्षेत्रों में कूड़ा उठान और उसके वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना की समीक्षा के दौरान डीएम ने पाया कि ग्राम पंचायत नगरा में स्वीकृत 14 कार्यों में केवल चार पूरे हुए हैं, जबकि 10 कार्य अभी लंबित हैं।
वहीं नगर पंचायत रतसर कला में स्वीकृत 10 कार्यों की धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जहां कार्यों में अनावश्यक देरी हो रही है, वहां संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही सीवरेज एवं जल निकासी से जुड़े पूर्ण हो चुके कार्यों को तत्काल क्रियाशील बनाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी योजनाओं को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा कराया जाए।