बलिया में अवैध खनन का मामला सुर्खियों में आते खनन क्षेत्र में सन्नाटा पसर गया है। शुक्रवार को प्रभारी उप जिलाधिकारी राहुल यादव व क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार मिश्रा ने गंगा तट, शिवपुर घाट व सती घाट का औचक निरीक्षण किया तो लाखों रुपये का लाल बालू मौके पर डंप मिला। इस संबंध में अधिकारियों ने खनन विभाग से रिपोर्ट मांगी है। उधर, अधिकारियों के आने के पहले ही पुलिस ने जेसीबी लगा कर बालू के ऊंचे टीलों को बराबर करा दिया था।
प्रभारी उपजिलाधिकारी राहुल यादव व क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि बिहार से तस्करी कर लाल बालू जयप्रकाश नगर से लेकर सतीघाट तक डंप करने की सूचना मिली थी। सत्यता जानने के लिए हम लोग पहुंचे तो देखा कि जो बताया गया है उससे कहीं ज्यादा बालू डंप किया गया था। उप जिलाधिकारी ने गंगा तट पर से ही खनन विभाग को सूचना दी और इस संबंध में खनन विभाग के अलावा राजस्व, बैरिया और दोकटी पुलिस को अवैध लाल बालू के संबंध में आख्या देने को कहा।
बताया कि शनिवार को तहसील में इस संबंध में बैठक कर कार्रवाई की जाएगी। उधर, अधिकारियों के आने के पूर्व ही किसी ने इसकी सूचना दोकटी पुलिस को दे दी। बालू माफियाओं को निर्देशित करने के साथ ही पुलिस शिवपुर घाट पर जा पहुंची और आनन-फानन में डंप अवैध बालू को जेसीबी से समतल कराया जाने लगा। इसी बीच जेसीबी वालों को भी पता चल गया कि प्रशासन सती घाट पर आ गया है। जिसके बाद वे जेसीबी लेकर दोकटी दियारे में भाग निकले।