बलिया। डीएम रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उद्योग एवं स्वरोजगार बंधु की बैठक हुई। उद्यमियों ने समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया। निवेश मित्र ने बताया कि ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट-2024 में प्रथम जीबीसी के लिए 39 इकाइयां तैयार हैं। उपायुक्त उद्योग ने बताया कि एकल मेज व्यवस्था के अंतर्गत निवेश मित्र पोर्टल पर वित्तीय वर्ष 2024-25 में कुल 711 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं। इसमें से 667 आवेदन पत्रों का निस्तारण किया जा चुका है। शेष 44 आवेदन लंबित हैं।
जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम में कम प्रगति पाए जाने पर उपायुक्त उद्योग को एलडीएम से मिलकर आवेदनों को निस्तारित करने एवं स्वीकृत धनराशि का वितरण कराने का निर्देश दिया। जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी ने बताया कि खादी ग्रामोद्योग विभाग की मुख्यमंत्री रोजगार योजना एवं प्रधानमंत्री सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत ऋण वितरण के लक्ष्य का आवंटन अभी होना है। मिनी औद्योगिक आस्थान बनरही के उद्यमियों के लिए गत माह में सड़क और नाली का निर्माण कराया गया है। इसमें पानी की निकास की व्यवस्था न होने पर जिलाधिकारी ने उपायुक्त उद्योग को कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम निर्माण खंड-4 कानपुर को पत्र लिखने का निर्देश दिया।
कार्यदायी संस्था के अधिशासी अभियंता ने बताया कि निकास की व्यवस्था के लिए हमारे यहां इस्टीमेट भेज दें तो निकास की समस्या ठीक करा दी जाएगी। उद्यमियों ने माल्देपुर मोड़ से कटहल नाला तक फोरलेन सड़क एवं नाले के निर्माण में नाले की ऊंचाई रोड से 60 सेंटीमीटर अधिक हो जाने के कारण आने वाली समस्याओं के बारे में अवगत कराया। उन्होंने स्वयं मौका मुआयना करने का आश्वासन दिया। सीडीओ ओजस्वी राज, उपायुक्त उद्योग मायाराम सहित जनपद के उद्यमी मौजूद थे।