बलिया। शहर कोतवाली पुलिस और एसओजी की टीम ने जनेश्वर मिश्रा सेतु और टैक्सी स्टैंग भृगु मंदिर के पास छापेमारी कर लग्जरी वाहनों से लाखों की अंग्रेजी शराब बरामद की है। दोनों स्थानों से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। छह अन्य भागने में कामयाब रहे। एसपी राजकरन नय्यर ने बताया कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
शहर कोतवाली में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी राजकरन नय्यर ने बताया कि कोतवाल बालमुकुंद मिश्रा के नेतृत्व में शहर कोतवाली पुलिस ने सोमवार रात तीन बजे मुखबिर की सूचना पर जनेश्वर मिश्रा सेतु के पास से चार पहिया वाहन से आरोपी आफताब खां पुत्र फिरोज खां निवासी रघुनाथपुर थाना बांसडीह रोड को गिरफ्तार कर लिया। वाहन में बैठे तीन व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर बंधे के नीचे की तरफ भागने में सफल रहे। वाहन से 180 एमएल की 711 शीशी, 750 एमएल की 20 बोतल अंग्रेजी शराब और दो मोबाइल बरामद हुए हैं। वहीं, शहर कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम ने टोल टैक्स टैक्सी स्टैंड भृगु मंदिर के पास से कार सवार चार आरोपियों राज नरायन सिंह पुत्र स्व. नंदजी निवासी बलुआ ब्रह्मपुर बक्सर बिहार, पीयूष कुमार श्रीवास्तव पुत्र श्रीप्रकाश श्रीवास्तव निवासी मोहम्मदपुर दरियापुर सरन बिहार, मोहित कुमार सिंह पुत्र राज कुमार सिंह निवासी सरयां बरात तरैया सरन बिहार, धर्मवीर कुमार पुत्र विभूति सिंह निवासी कोहड़ौर वाजिदपुर करपी अरवल बिहार को गिरफ्तार कर लिया। कार से 75 बोतल 750 एमएल अंग्रेजी शराब, दो फर्जी नंबर प्लेट और एक बाइक बरामद की गई है।