वाराणसी-छपरा रेल खंड स्थित बांसडीहरोड रेलवे स्टेशन पर बुधवार की दोपहर डाउन सद्भावना एक्सप्रेस का इंजन फेल होने से ट्रेन करीब दो घंटे तक स्टेशन पर खड़ी रही। इससे यात्रियों को का़फी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जबकि स्टेशन पर खड़ी सद्भावना एक्सप्रेस के कारण फाइव सी रेलवे क्रासिंग के दोनों तऱफ करीब दो किलोमीटर तक जाम की स्थिति बनी रही। इस दौरान कुछ लोग जान जोखिम में डालकर रेलवे ट्रैक से अपनी बाइक निकालते नजर आए। करीब डेढ़ घंटे बाद मुख्यालय से दूसरा इंजन रेलवे स्टेशन पर पहुंचा तब जाकर ट्रेन को रवाना किया गया।
वहीं बलिया से छपरा की तरफ जा रही कोलकाता गोरखपुर मैलानी एक्सप्रेस को एक नंबर ट्रैक से रवाना किया गया। छपरा जाने वाले यात्री मनोज गुप्ता ने बताया कि बलिया से जब ट्रेन चली तो कुछ देर बाद इंजन में गड़बड़ी आ गई। चालक ने धीरे धीरे ट्रेन को बांसडीह रोड रेलवे स्टेशन लेकर खड़ा कर दिया। स्टेशन पर खड़ी ट्रेन में यात्रियों के छोटे छोटे बच्चे बिलखते नजर आए। स्टेशन परिसर में चाय, नाश्ता व शुद्ध पेयजल नहीं होने से यात्रियों को का़फी फजीहत हुई। स्टेशन मास्टर जेपी गुप्ता ने बताया कि सद्भावना एक्सप्रेस ट्रेन करीब 1.10 बजे पर इंजन फेल होने के कारण आकर खड़ी हो गई। करीब डेढ़ घंटे बाद बलिया से दूसरा इंजन मंगाया गया। जिसे करीब दो घंटे बाद दूसरा इंजन जोड़कर सद्भावना एक्सप्रेस को रवाना किया गया। उधर, फाइव सी रेलवे क्रासिंग बंद होने से क्रासिंग के दोनों तऱफ वाहनों की लंबी कतारें लगी रही। इस दौरान स्कूली बसें भी रुकी रहीं जिससे विद्यालय के बच्चों को परेशानी हुई।