नगर के चित्तू पांडेय चौराहा के समीप सड़क की पटरियों पर लगी दुकान के चलते लगा जाम।
- फोटो : BALLIA
बलिया। शहर में हर मार्ग के किनारे अतिक्रमण होने के कारण ही लोगों को जाम से राहत नहीं मिल पा रहा है। जाम को लेकर की गई कवायद के बावजूद रोजाना कमोवेश सभी मार्गों पर जाम लग रहा है। अतिक्रमण को हटाने के लिए टीम भी बनी है लेकिन कभी भी ठोस कार्रवाई नहीं करती। शहर का मुख्य चित्तू पांडेय चौराहा तो जाम का पर्याय बन चुका है। इस चौराहे पर चारो तरफ हुए अतिक्रमण के कारण लोगों को पैदल चलना भी दूभर हो जाता है।
शहर को जाम से राहत दिलाने के लिए कई मार्गों को वन-वे कर दिया गया। हालांकि इससे कुछ हद तक राहत भी मिली है। इसके बावजूद शहर के प्रमुख चौराहों पर रोजाना जाम लग रहा है। शहर में जाम लगने का मुख्य कारण अतिक्रमण है, जिसे लेकर कभी ठोस कार्रवाई नहीं होती। नगरपालिका की ओर से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया तो जाता है लेकिन कुछ दिनों बाद ही फिर अतिक्रमण कर लिया जाता है। खासकर शहर के प्रमुख चित्तू पांडेय चौराहा तो जाम का पर्याय बन चुका है। अगर चौराहे पर नजर डाले तो दशकों पहले बने फुटवे पर दुकानदारों ने अतिक्रमण कर उसे बंद कर दिया है। इसके चलते पैदल आने-जाने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी तरह, ओवरब्रिज के नीचे सड़क किनारे ठेला दुकानदारों की भरमार होने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है।
शहर में हैं 30 किमी की 23 सड़कें
बलिया। शहर में कुल 30 किमी लंबी 23 सड़के हैं। अधिकांश सड़कों पर अतिक्रमण का बोलबाला है। दुकानदार सामान को सड़क तक फैलाकर रखते हैं। इसके चलते वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है।
दो माह में 400 स्थानों से हटाए गए अतिक्रमण
बलिया। शहर में समय-समय पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाता है। हालांकि अभियान समाप्त होते ही सड़कों पर पहले की तरह ही अतिक्रमण हो जाता है। बीते दो माह में नगरपालिका प्रशासन की ओर से कुल 400 स्थानों पर अतिक्रमण हटाया गया और संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसमें पक्के निर्माण का ध्वस्तीकरण भी रहा।
नगर की सड़कों पर अतिक्रमण को लेकर समय-समय पर अभियान चलाकर कार्रवाई की जाती है। बीते दो माह में कार्रवाई की गई है। जल्द ही फिर अभियान चलाकर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - दिनेश कुमार विश्वकर्मा, अधिशासी अधिकारी, नगरपालिका परिषद, बलिया