बांसडीहरोड क्षेत्र के टकरसन विद्युत उपकेंद्र अंतर्गत बघौली गांव के समीप हाईटेंशन तार जेसीबी से
- फोटो : BALLIA
बांसडीहरोड। क्षेत्र के विद्युत उपकेंद्र टकरसन से तीन दिनों से विद्युत आपूर्ति ठप होने से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। विद्युत आपूर्ति नहीं होने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति भी बाधित है। वहीं विभागीय कर्मचारियों की लापरवाही से क्षेत्रीय उपभोक्ताओं में नाराजगी है। उधर, बिजली की समस्या के चलते बोर्ड व विद्यालयों की वार्षिक परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों की परेशानी बढ़ गई है।
बीते मंगलवार को रात करीब 11 बजे बलिया-बांसडीहरोड रेलवे स्टेशन के बघोली गांव के समीप रेलवे के चल रहे दोहरीकरण कार्य के लिए मिट्टी की खोदाई जेसीबी से हो रही थी। इसी बीच रेलवे लाइन के नीचे से गुजरा एचटी विद्युत तार क्षतिग्रस्त हो गया। जिससे 30 गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। इसके बाद से ही इन गांवों की करीब 50 हजार की आबादी अंधेरे में है। विद्युत आपूर्ति ठप होने से क्षेत्र के लोगों की समस्याएं बढ़ गई हैं। उधर, ग्रामीणों ने इसकी शिकायत प्रदेश पावर कारपोरेशन के चेयरमैन से ट्वीट कर की। जिस पर चेयरमैन ने जनपद के विभागीय अधिकारियों से उपरोक्त प्रकरण को संज्ञान में लेते हुए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया है। इस संबंध में अवर अभियंता रतन लाल ने बताया कि रेलवे लाइन के समीप खोदाई के कारण एचटी केबल क्षतिग्रस्त हो गया। इस मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। केबल आते ही विद्युत व्यवस्था सुचारु कर दी जाएगी।